वेतन आयोग की बैठक से पहले कर्मचारियों को करना होगा आवेदन

Update: 2026-07-25 10:35 GMT

नई दिल्ली  :   केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 8वां वेतन आयोग अब अपने काम को आगे बढ़ाते हुए कर्मचारियों और उनके संगठनों के साथ बातचीत का अगला दौर शुरू करने जा रहा है। आयोग की ओर से कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सुझाव और मांगों को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में वेतन संशोधन, पेंशन, भत्ते और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर विस्तार से बातचीत होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, 8वें वेतन आयोग का गठन नवंबर 2025 में किया गया था। गठन के बाद से आयोग ने देश के अलग-अलग हिस्सों में कई बैठकें आयोजित की हैं। इन बैठकों में केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी राय और सुझाव लिए गए हैं। अब आयोग एक बार फिर कर्मचारियों से सीधे संवाद करने की तैयारी में है।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, कर्मचारियों की संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ दिल्ली में 7 अगस्त और 10 अगस्त को बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में शामिल होने के इच्छुक संगठनों को 31 जुलाई तक आयोग से समय लेना होगा। इसके बाद ही वे निर्धारित तारीख पर चर्चा में हिस्सा ले सकेंगे।

8वें वेतन आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली में पंजीकृत एसोसिएशन, फेडरेशन और केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भी इन बैठकों में भाग ले सकते हैं। हालांकि, बैठक का स्थान अभी तय नहीं किया गया है। आयोग की ओर से आने वाले दिनों में स्थान और अन्य जरूरी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

बैठक के दौरान कर्मचारी संगठन अपनी मांगों और सुझावों को आयोग के सामने रख सकेंगे। इसमें वेतन संशोधन यानी पे रिविजन सबसे अहम मुद्दा रहेगा। इसके अलावा पेंशन में बदलाव, विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी, फिटमेंट फैक्टर, प्रमोशन से जुड़े नियम, कार्य परिस्थितियों और कर्मचारियों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हो सकती है।

केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से वेतन संरचना में सुधार और फिटमेंट फैक्टर में बदलाव की मांग करते रहे हैं। वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन में बदलाव करती है। ऐसे में 8वें वेतन आयोग की बैठकों को कर्मचारियों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि आयोग के सामने वे अपनी वास्तविक समस्याएं और अपेक्षाएं रखेंगे, ताकि अंतिम सिफारिशों में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखा जा सके। वहीं, आयोग का उद्देश्य विभिन्न पक्षों से सुझाव लेकर एक संतुलित रिपोर्ट तैयार करना है।

8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया पर देशभर के केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर बनी हुई है। आने वाली बैठकों में मिलने वाले सुझाव आयोग की अंतिम सिफारिशों को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि वेतन और भत्तों में कितना बदलाव होगा, यह आयोग की रिपोर्ट और सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।

Tags:    

Similar News