इस दिन आयोजित होगा देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल शो 'Auto Expo'

देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल शो ऑटो एक्सपो का अगला संस्करण अगले साल 13-18 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।

Update: 2022-03-21 03:30 GMT

देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल शो ऑटो एक्सपो का अगला संस्करण अगले साल 13-18 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस शो को इस साल कोविड-19 महामारी के कारण रद्द कर दिया गया है।द्विवार्षिक ऑटोमोबाइल शो का अंतिम संस्करण फरवरी 2020 में दुनिया भर में कोरोना वायरस के फैलने की आशंकाओं के बीच हुआ था। यह इस साल फरवरी में ग्रेटर नोएडा में होने वाला था, लेकिन बिगड़ती COVID-19 स्थिति के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

क्या है ऑटोमोबाइल शो ऑटो एक्सपो

ऑटो एक्सपो हर दो साल में एक बार आयोजित होने वाला कार्यक्रम है। इसे आम तौर पर फरवरी में आयोजित किया जाता है। यह ओईएम को नए उत्पादों और टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने के लिए एक प्लेटफॉर्म देता है। इस कार्यक्रम में हजारों लोग भाग लेते हैं। पिछली बार यह आयोजन 2020 में आयोजित किया गया था, जब देश और दुनिया में महामारी का खतरा उभर रहा था। ऑटो एक्सपो 2020 में कुल 6 लाख से अधिक आगंतुक आए। देश के प्रमुख ऑटो शो में लगभग 70 उत्पाद लॉन्च और अनावरण हुए। 108 प्रदर्शकों ने 352 उत्पाद प्रदर्शित किए।

महानिदेशक ने दी जानकारी

सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने बताया कि इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में 13-18 जनवरी 2023 तक मोटर शो (ऑटो एक्सपो) की पुष्टि की गई है। 11 जनवरी विशेष रूप से मीडिया के लिए होगा। 12 जनवरी को इसका उद्घाटन किया जाएगा।

ऑटो एक्सपो जहां ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर ऑटो कंपोनेंट शो नए प्रगति मैदान परिसर में होगा। पिछले साल अगस्त में जारी एक बयान में मेनन ने उल्लेख किया था कि ऑटो एक्सपो जैसे व्यापार-से-उपभोक्ता (बी2सी) शो में संक्रमण फैलने का जोखिम बहुत अधिक है। इसलिए ऑटो एक्सपो - मोटर शो को अभी के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

आपको बता दें कि COVID-19 महामारी और संभावित तीसरी लहर की आशंकाओं के कारण ऑटो एक्सपो के आयोजन में काफी समस्याएं आ सकती थीं, जिसको देखते हुए इसे स्थगित किया गया था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में देश भर में कोविड-19 की स्थिति में काफी सुधार हुआ है, जिसको देखते हुए 2023 जनवरी तक इस शो का आयोजन किया जा सकता है।


Tags:    

Similar News