Business व्यापार : अडानी समूह ने सोमवार को उस मीडिया रिपोर्ट का पुरज़ोर खंडन किया जिसमें समूह के चीनी कंपनियों BYD और बीजिंग वेलियन न्यू एनर्जी टेक्नोलॉजी के साथ सहयोग का दावा किया गया था।
अडानी समूह के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट "निराधार" और "भ्रामक" है। प्रवक्ता ने आगे कहा, "हम ब्लूमबर्ग की 4 अगस्त 2025 की उस रिपोर्ट का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं जिसमें अडानी समूह और चीनी कंपनियों BYD तथा बीजिंग वेलियन न्यू एनर्जी टेक्नोलॉजी के बीच गठजोड़ का सुझाव दिया गया है।" मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से पहले दावा किया गया था कि अडानी समूह भारत में बैटरी बनाने और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए "चीनी इलेक्ट्रिक वाहन दिग्गज BYD कंपनी के साथ गठजोड़ की संभावना तलाश रहा है"।
समूह के प्रवक्ता ने आगे कहा, "यह रिपोर्ट निराधार, गलत और भ्रामक है। अडानी समूह भारत में बैटरी निर्माण के लिए BYD के साथ किसी भी प्रकार के सहयोग की संभावना नहीं तलाश रहा है।" कंपनी ने कहा कि वे "किसी भी प्रकार की साझेदारी के लिए बीजिंग वेलियन न्यू एनर्जी टेक्नोलॉजी के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं"। इस बीच, अदाणी समूह अगले पाँच वर्षों में लगभग 100 अरब डॉलर के पूंजीगत व्यय निवेश की तैयारी कर रहा है। इस प्रतिबद्धता का पैमाना और गति भारत के निजी क्षेत्र के इतिहास में अभूतपूर्व है।