नई दिल्ली: दिल्ली के मयूर विहार में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ साल की एक बच्ची की बुधवार को क्लासरूम के अंदर अचानक गिर जाने से मौत हो गई। पुलिस इस घटना से जुड़े हालात का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह करीब 9:52 बजे बच्ची के बारे में एक पीसीआर कॉल आई थी। बच्ची को निर्माण विहार स्थित 'मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर' ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस ने क्लासरूम का सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है।
फुटेज में बच्ची क्लासरूम में आती है, अपनी कमर पर हाथ रखती है और फिर अचानक जमीन पर गिर जाती है। टीचर तुरंत उसे उठाते हैं और कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन बच्ची बेहोश नजर आती है।
इसके बाद टीचर क्लासरूम से बाहर भागते हुए दिखाई देते हैं और कुछ ही सेकंड में वापस आकर बच्ची को बाहर ले जाते हैं।
स्कूल परिसर के अन्य सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को बाकी छात्रों के साथ सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा जा सकता है। एक और क्लिप में, वह स्कूल परिसर के अंदर एक जगह पर कई अन्य बच्चों के साथ दिखाई दे रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौत की वजह हार्ट अटैक हो सकती है, हालांकि अभी तक सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के बयान अभी दर्ज किए जाने बाकी हैं। मामले की जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है।
बच्ची की मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
Tags: