नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े टेक दिग्गजों में शामिल मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक और आलीशान महल खरीदा है। जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान ने करीब 200 साल पुराने Strancally Castle को अपनी प्रॉपर्टी में शामिल किया है। यह महल आयरलैंड के काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित है और अपनी शानदार वास्तुकला, विशाल परिसर और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है। इस ऐतिहासिक संपत्ति की कीमत करीब 2 से 3 करोड़ यूरो (लगभग 200 से 300 करोड़ रुपये से ज्यादा) आंकी जा रही है। हालांकि, खरीद की आधिकारिक कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है। यह सौदा ऑफ-मार्केट तरीके से हुआ है।
200 साल पुराना है Strancally Castle
Strancally Castle का निर्माण करीब 1830 के आसपास हुआ था। यह तीन मंजिला गॉथिक रिवाइवल शैली की इमारत है, जिसे प्रसिद्ध आर्किटेक्ट जेम्स और जॉर्ज रिचर्ड पेन ने डिजाइन किया था। यह महल ब्लैकवॉटर नदी के किनारे करीब 440 एकड़ में फैली विशाल संपत्ति का हिस्सा है। इस ऐतिहासिक महल में पुराने यूरोपीय स्थापत्य की झलक देखने को मिलती है। ऊंचे टॉवर, पत्थर की दीवारें, बड़ी खिड़कियां और शानदार कमरे इसे किसी शाही महल जैसा रूप देते हैं।
महल में हैं आधुनिक सुविधाएं भी
इतिहास से जुड़े इस महल को आधुनिक सुविधाओं से भी लैस किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें इनडोर स्विमिंग पूल, विशाल लिविंग एरिया, लाइब्रेरी और कई शानदार कमरे मौजूद हैं। करीब 16 हजार वर्ग फीट में फैली इस संपत्ति में आलीशान जीवनशैली की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बताया जाता है कि महल इतना बड़ा है कि इसके एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचने में कई मिनट लग सकते हैं। इसकी भव्यता इसे आयरलैंड की खास ऐतिहासिक संपत्तियों में शामिल करती है।
आयरलैंड से जुड़ा है जुकरबर्ग का कारोबार
मार्क जुकरबर्ग ने यह संपत्ति ऐसे समय खरीदी है जब मेटा का आयरलैंड में बड़ा कारोबार है। कंपनी का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय डबलिन में है और वहां बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। जुकरबर्ग परिवार का कहना है कि वे इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने और आयरलैंड में समय बिताने को लेकर उत्साहित हैं। जुकरबर्ग और उनका परिवार अमेरिका में ही रहना जारी रखेंगे। यह महल उनके आयरलैंड दौरे के दौरान ठहरने और पारिवारिक समय बिताने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
जुकरबर्ग के पास पहले से है बड़ा रियल एस्टेट पोर्टफोलियो
मार्क जुकरबर्ग दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं और उनके पास पहले से कई आलीशान संपत्तियां हैं। इनमें अमेरिका के कैलिफोर्निया, हवाई, फ्लोरिडा और अन्य स्थानों की प्रॉपर्टी शामिल हैं। Strancally Castle उनकी लग्जरी प्रॉपर्टी की सूची में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। इस खरीद के बाद टेक जगत के सबसे बड़े नामों में शामिल जुकरबर्ग की ऐतिहासिक इमारतों और अनोखी संपत्तियों में दिलचस्पी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
Tags: