Hiroshima Day: जब अमेरिका के 'लिटिल बॉय' ने हिरोशिमा में मचाई तबाही, परमाणु हमले ने जापान को कर दिया था बर्बाद

इतिहास के पन्नों में बहुत कुछ दर्ज होता है.

Update: 2024-08-06 06:45 GMT
नई दिल्ली: इतिहास के पन्नों में बहुत कुछ दर्ज होता है। कुछ जो सुखद अनुभव कराता है तो वहीं कुछ जो असीम दर्द और पीड़ा दे जाता है। ऐसा ही कुछ दुखद पल 6 अगस्त का दिन भी अपने साथ लेकर आता है और इस दिन को 'हिरोशिमा दिवस' के रूप में दुनिया याद करती है।
इस दिन का इतिहास हमें याद दिलाता है कि परमाणु हथियारों का उपयोग दुनिया के लिए कितना विनाशकारी हो सकता है। 6 अगस्त 1945 को अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा शहर पर परमाणु बम से हमला किया था। अमेरिकी बमवर्षक विमान 'एनोला गे' ने "लिटिल बॉय" नामक परमाणु बम को हिरोशिमा पर गिराया था।
जानकारी के मुताबिक यह परमाणु बम लगभग 600 मीटर की ऊंचाई पर विस्फोट हुआ था। देखते ही देखते पूरा शहर मिट्टी में मिल गया था, जिसके निशान आज भी वहां पर मौजूद हैं। हिरोशिमा दुनिया का पहला शहर है, जिसके ऊपर परमाणु बम से हमला किया गया था।
इस भयंकर विस्फोट ने हिरोशिमा शहर को लगभग पूरी तरह से बर्बाद कर दिया था। इस हमले में हजारों लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी, लाखों इसकी चपेट में आए। इस विनाशकारी हमले के बाद लाखों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। अमेरिका ने इसके तीन दिन बाद 9 अगस्त 1945 को जापान के दूसरे शहर नागासाकी पर परमाणु हमला किया था।
दरअसल, 1 सितंबर, 1939 को द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हुआ। 1945 में 6 साल पूरे हो रहे थे। भारी तबाही मची थी। आम लोग बेहाल थे लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकल रहा था। उस समय जापान एक ताकतवर देश हुआ करता था। वो द्वितीय विश्व युद्ध में लगातार हमले पर हमले कर रहा था। इसी हमले के जवाब में अमेरिका ने जापान के ऊपर परमाणु बम से हमला कर दिया था।
अमेरिका से की गई इस परमाणु बम बारी के बाद दूसरा विश्व युद्ध तुरंत खत्म करने का ऐलान कर दिया गया था। इसके बाद जापान ने 14 अगस्त 1945 को मित्र राष्ट्रों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। द्वितीय विश्व युद्ध 1939 से लेकर 1945 के बीच 6 साल तक लड़ा गया था। हिरोशिमा दिवस इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह कई देशों में युद्ध-विरोधी और परमाणु-विरोधी प्रदर्शनों पर केंद्रित रहता है। यह दिन परमाणु हमले के विध्वंस की कहानी कहता है और दुनिया को बताता है कि हिंसा कभी भी किसी का भला नहीं करती सिर्फ पीढ़ियां बर्बाद करती है।
लोकसभा में हिरोशिमा और नागासाकी के परमाणु बम विस्फोटों में मारे गए लोगों को दी गई श्रद्धांजलि
लोकसभा में मंगलवार को दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जापान के हिरोशिमा और नागासाकी में गिराए गए परमाणु बम के कारण मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और पीड़ित लोगों को याद किया गया। मंगलवार को सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज से 79 वर्ष पूर्व 6 अगस्त और 9 अगस्त 1945 को क्रमशः हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर परमाणु बम गिराए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप हजारों व्यक्तियों की मृत्यु हो गई थी और लाखों लोग घायल हुए थे या जीवन भर के लिए अपंग हो गए थे। इस घटना ने पहली बार मानवता का परमाणु बम की विभीषिका से परिचय कराया था।
उन्होंने कहा, इस घटना के इतने वर्षों बाद भी हिरोशिमा और नागासाकी के निवासी परमाणु विकिरण के खतरनाक दुष्प्रभावों को झेल रहे हैं। ओम बिरला ने वैश्विक शांति के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आगे कहा कि आज अवसर है कि हम विश्व को सामूहिक विनाश के हथियारों से मुक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराएं। यह सभा (लोकसभा) परमाणु हथियारों को समाप्त करने और वैश्विक शांति, सद्भावना और मैत्री की भावना के प्रसार के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लेती है। लोकसभा के सभी सांसदों ने खड़े होकर और मौन रहकर जापान में परमाणु बम गिराए जाने से पीड़ित व्यक्तियों को याद किया।
Tags:    

Similar News

-->