वाशिंगटन: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को भरोसा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ जारी संघर्ष को लंबा नहीं खींचना चाहेंगे। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हमला करने के राष्ट्रपति के फैसले का बचाव करते हुए, अमेरिका की ओर से दो साल की प्रतिबद्धता (कमिटमेंट) की बात को भी खारिज कर दिया।
सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को फॉक्स न्यूज की होस्ट लॉरा इंग्राहम को दिए एक इंटरव्यू में, वेंस ने भरोसा जताया कि ट्रंप इस संघर्ष को सफलतापूर्वक खत्म कर देंगे। हालांकि, 'ईरान इंटरनेशनल' की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने सेना की वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख नहीं बताई।
वेंस ने कहा, "वह इसे कभी न खत्म होने वाला युद्ध नहीं बनने देंगे। हमने अमेरिकी जनता से वादा किया था कि हम अब और ऐसे संघर्षों में नहीं उलझेंगे जो कभी खत्म न हों।" वेंस ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करने के ट्रंप के लक्ष्य का समर्थन किया लेकिन उन्होंने लंबे समय तक सैन्य भागीदारी की संभावना को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "हम इसे 10 या 15 साल की भागीदारी नहीं बनने देंगे, और सच कहूं तो, 2 साल की भागीदारी भी नहीं।" उन्होंने 'नियोकंजर्वेटिव्स' (नव-रूढ़िवादियों) और उन लोगों की आलोचना की जो चाहते थे कि अमेरिका अनिश्चित काल तक इस मामले में उलझा रहे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ट्रम्प इस संघर्ष को खत्म कर देंगे।
ये बयान गुरुवार को शेनझेन में होने वाले एक शिखर सम्मेलन से पहले आए हैं, जिसमें ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल होंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पुष्टि की कि 19 नवंबर को होने वाली इस बैठक की मेजबानी शी जिनपिंग करेंगे।
मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बताया कि यह तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी, जिसमें वे वैश्विक शांति और रणनीतिक स्थिरता पर चर्चा करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान और परमाणु हथियारों के नियंत्रण पर चर्चा होगी, तो माओ ने किसी विशेष एजेंडे की पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे तैयारियां आगे बढ़ेंगी, और जानकारी दी जाएगी। चीन ने यह भी बताया कि मध्य पूर्व के लिए उसके विशेष दूत, झाई जून ने क्षेत्रीय तनाव को कम करने के उद्देश्य से ईरान, ओमान और सऊदी अरब का दौरा किया है।
Tags: