अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का ऐलान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब US का, दावे हवा-हवाई...?
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को Truth Social पर Strait of Hormuz का एक नक्शा पोस्ट किया, जिसमें इसे 'NEW U.S. Territory' बताया गया है. पोस्ट किए गए ग्राफिक में ईरान और ओमान के बीच स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को घेरा गया है और उसके ऊपर 'NEW U.S. Territory' लिखा दिखाई देता है.
इससे कुछ दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि वह जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर सकते हैं. बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते हफ्ते भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ऐसा दावा किया था. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था कि अमेरिका का होर्मुज पर पूरी तरह कंट्रोल है और वह इसे अपने पास ही रखेगा. उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को 'स्टील की दीवार' करार देते हुए कहा था कि ईरान इस बारे में कुछ नहीं कर सकता. ट्रंप ने ये भी कहा था कि ईरान का सैन्य ढांचा पूरी तरह नष्ट हो चुका है, देश में 300% मंहगाई है और उसके पास केवल फर्जी खबरें बची हैं.
ट्रंप के इस दावे वाली पोस्ट का ईरान की ओर से तुरंत खंडन किया गया था. पर्सियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर अमेरिकी बयानों पर पलटवार करते हुए लिखा था कि अमेरिकी अफसरों के बार-बार किए जा रहे दावे और पोस्ट जमीनी हकीकत को नहीं बदलते हैं.
ईरान की ओर से कहा गया था कि होर्मुज अभी-भी बंद है और जब तक ईरान की शर्तों को स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक इसे दोबारा नहीं खोला जाएगा. ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (SNSC) के नए प्रमुख मोहसिन रजाई ने एक्स पर मैसेज जारी कर तेहरान का रुख साफ करते हुए लिखा था कि, ईरान का संदेश स्पष्ट है- जब तक अमेरिका युद्ध और नाकेबंदी खत्म नहीं करता, ईरान की जब्त संपत्तियों को बहाल नहीं करता और लेबनान व गाजा समेत पूरे क्षेत्र में युद्धविराम के लिए सहमत नहीं होता, तब तक होर्मुज बंद रहेगा.
इसके बाद ट्रंप ने एक बार फिर न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि ईरान को पूरी तरह हराने के बाद वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका का इलाका घोषित करने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया था कि अमेरिकी नौसेना इस पूरे समुद्री रास्ते की नाकाबंदी कर रही है. इसके जवाब में ईरान ने फिर से पलटवार किया था.
इसके जवाब में ईरानी नेता इब्राहिम अजीजी ने तंज कसा था कि 'ट्रंप को होर्मुज पर दावे करने के बजाय अपनी सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए, कहीं दोबारा फूड ट्रक में छिपने की नौबत न आ जाए'. इन सारे बयानबाजी के बाद मंगलवार को एक बार फिर ट्रंप ने ऐसा ही दावा किया है. इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज को अपना इलाका घोषित करते हुए तस्वीर ही पोस्ट कर दी है. ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा है कि होर्मुज यूएस का नया इलाका है.