नेता की हत्या के बाद बांग्लादेश में बवाल, थाने में लगाई आग
बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा
ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज और उससे सटे फरीदपुर में मंगलवार रात हिंसक घटनाओं के बाद तनाव फैल गया। फरीदपुर में सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के किसान संगठन कृषक दल के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई। वहीं, गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने पर हमला कर आग लगा दी। हिंसा के दौरान BNP सांसद एसएम जिलानी के आवास को भी निशाना बनाया गया। कई वाहनों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवान तैनात किए गए हैं। कुछ सुरक्षा टुकड़ियों का नेतृत्व सैन्य अधिकारी कर रहे हैं।
फरीदपुर में BNP नेता की मौत से बढ़ा तनाव
बांग्लादेश के फरीदपुर जिले के भांगा उपजिला क्षेत्र में मंगलवार रात राजनीतिक हिंसा के दौरान कृषक दल के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई। 34 वर्षीय राजू मोल्ला संगठन की भांगा इकाई में संयुक्त संगठन सचिव थे। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:15 बजे ढाका-बरिशाल राजमार्ग स्थित हमीरदी बस स्टैंड से अवामी लीग के समर्थन में जुलूस निकाला गया। इस दौरान BNP कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई। जुलूस के दौरान अचानक देसी बम का विस्फोट हुआ, जिसमें राजू मोल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भांगा उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय BNP नेतृत्व ने अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौत के सटीक कारण की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
तुंगीपाड़ा पुलिस थाने पर भीड़ ने बोला धावा
गोपालगंज जिले के तुंगीपाड़ा में हिंसा उस समय भड़क उठी, जब पुलिस ने अवामी लीग से जुड़े कई संदिग्ध कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरफ्तारी की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाने के बाहर एकत्र हो गए। कुछ स्थानों पर मस्जिदों के लाउडस्पीकर से लोगों को इकट्ठा होने की घोषणा किए जाने की भी खबर है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस, साउंड ग्रेनेड और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़पें हुईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मी सुरक्षा कारणों से थाने से पीछे हट गए। इसके बाद भीड़ के कुछ लोगों ने परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की और विभिन्न हिस्सों में आग लगा दी। स्थानीय रिपोर्टों में हिरासत में लिए गए कुछ लोगों को छुड़ाकर ले जाने की भी जानकारी सामने आई है।
BNP सांसद के घर में लगाई आग
पुलिस थाने पर हमले के बाद तुंगीपाड़ा के पटगाटी बाजार इलाके में BNP सांसद एसएम जिलानी के आवास को भी निशाना बनाया गया। मंगलवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच सांसद के घर में आग लगाए जाने की सूचना मिली। घटनास्थल के आसपास प्रदर्शनकारियों द्वारा शेख हसीना और अवामी लीग के समर्थन में नारे लगाने की खबरें सामने आईं। इसी दौरान गोपालगंज-तुंगीपाड़ा सड़क पर चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। इनमें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के दो वाहन भी शामिल थे। सड़क पर अवरोध के कारण दमकलकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते राहत दल तत्काल कुछ प्रभावित स्थानों तक नहीं पहुंच सके।
सुरक्षा बलों की तैनाती, गृह मंत्री ने दी चेतावनी
हिंसा के बाद सरकार ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के साथ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने संसद में कहा कि तुंगीपाड़ा पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारियों सहित करीब 200 सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सरकार ने अधिक जनहानि से बचने के लिए बल प्रयोग में संयम बरता। गृह मंत्री ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान वीडियो फुटेज, तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। विपक्षी नेता और जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान ने गोपालगंज में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की।
शेख हसीना के गृह जिले में कई दिनों से अशांति
गोपालगंज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का गृह जिला है। यहां पिछले कई दिनों से राजनीतिक गतिविधियों और विरोध प्रदर्शनों के कारण तनाव बना हुआ है। शनिवार रात BNP और युवा दल के कार्यालयों में तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाएं हुई थीं। रविवार को अवामी लीग समर्थकों ने कई स्थानों पर जुलूस निकाले, जिसके बाद पुलिस के साथ झड़पें हुईं। सोमवार को भी अवामी लीग के कार्यकर्ता तुंगीपाड़ा स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के ताले खोलकर बैठक की। लगातार बढ़ती हिंसा के बीच गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसक घटनाओं की जांच कर रही हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।