ट्रंप का हेलीकॉप्टर और यात्री विमान टकराते-टकराते बचे, Video
पढ़े पूरी खबर
अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ले जा रहा Marine One हेलीकॉप्टर मंगलवार को वॉशिंगटन में एक यात्री विमान के काफी करीब पहुंच गया. यह घटना रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास हुई. इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
घटना दोपहर करीब 2:33 बजे की है. ट्रंप का हेलीकॉप्टर व्हाइट हाउस के पास एलिप्स से ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के लिए रवाना हुआ था. इसके करीब एक मिनट बाद Envoy Air का एक यात्री विमान रीगन नेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर निकला. यात्री विमान के गुजरने के कुछ ही देर बाद ट्रंप का हेलीकॉप्टर भी एयरपोर्ट की तरफ बढ़ा. दोनों विमान एक-दूसरे से तय सुरक्षा दूरी से कम अंतर पर आ गए. अधिकारियों ने इसे 'लॉस ऑफ सेपरेशन' यानी विमानों के बीच तय दूरी कम हो जाने की घटना बताया है. FAA के नियमों के मुताबिक, इस इलाके में उड़ रहे विमानों के बीच कम से कम 1.5 मील की सीधी दूरी और 500 फीट की ऊंचाई का अंतर होना चाहिए. शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों विमान सीधे एक-दूसरे की तरफ नहीं बढ़ रहे थे, लेकिन उनके बीच तय दूरी से कम अंतर जरूर रह गया था. हालांकि, इस घटना में ट्रंप या यात्री विमान में सवार लोगों को कोई तत्काल खतरा नहीं हुआ. दोनों विमान सुरक्षित अपने-अपने गंतव्य तक पहुंच गए.
रिपोर्ट के मुताबिक, Marine One की पायलट टीम ने उड़ान भरने से करीब तीन मिनट पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी देने की कोशिश की थी. लेकिन रेडियो कम्युनिकेशन में दिक्कत के कारण यह संदेश ठीक से नहीं सुना गया. इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने यात्री विमान को उड़ान भरने की अनुमति दे दी. इसी वजह से दोनों विमानों के बीच सुरक्षा दूरी कम होने की स्थिति बनी.