बर्न: स्विट्जरलैंड के पूर्वी हिस्से में गुरुवार को एक भीषण पर्यटक बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसा ग्राउबुंडेन कैंटन में सुष (Susch) और जर्नेज (Zernez) के बीच हुआ। स्थानीय पुलिस ने कई लोगों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि शुरुआती जानकारी में मृतकों और घायलों की सटीक संख्या जारी नहीं की गई। हादसे का शिकार हुई बस नीदरलैंड की एक टूर बस थी। डच ट्रैवल इंडस्ट्री एसोसिएशन ANVR के मुताबिक बस में 48 यात्री सवार थे और सभी यात्री डच नागरिक थे। ये लोग एक पर्यटन यात्रा पर निकले हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही स्विट्जरलैंड के आपातकालीन विभाग ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया।
बैरियर से टकराकर पलटी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पर्यटक बस जर्नेज से सुष की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा बैरियर से टकराई और फिर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दुर्घटना में किसी दूसरे वाहन के शामिल होने के संकेत नहीं मिले हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। घटनास्थल की तस्वीरों में बस को सड़क के नीचे एक तरफ पलटा हुआ देखा गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बस को भारी नुकसान पहुंचा। आसपास मलबा भी बिखर गया।
पांच हेलिकॉप्टर और कई एंबुलेंस तैनात
हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार घटनास्थल पर कई एंबुलेंस के साथ पांच हेलिकॉप्टर भेजे गए। पुलिस, दमकलकर्मी और मेडिकल टीमें घायलों को बस से बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में जुट गईं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलिकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद सुष और जर्नेज के बीच सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जिससे बचाव दल बिना किसी बाधा के अपना अभियान चला सकें।
घूमने निकले थे यात्री
ANVR के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस डच टूर ऑपरेटर OAD से जुड़ी थी। यात्रियों ने सोमवार को नीदरलैंड से अपनी यात्रा शुरू की थी और वे ऑस्ट्रिया से स्विट्जरलैंड में एक दिन की यात्रा पर आए थे। दुर्घटना वाला क्षेत्र स्विस आल्प्स में स्थित है। जर्नेज को स्विस नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है और यह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय इलाका है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की वजह का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने मृतकों की अंतिम संख्या और उनकी पहचान के बारे में पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए शुरुआती आंकड़ों में बदलाव संभव है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पीड़ित परिवारों तथा दूतावास अधिकारियों के संपर्क में हैं।
Tags: