रूसी बिजनेसमैन का बड़ा दावा, पुतिन ब्लड कैंसर से हैं बुरी तरह बीमार

अप्रैल में सामने आए एक वीडियो में पुतिन का हांथ तेजी से कांपता नजर आया और उन्होंने कुर्सी को कसकर पकड़ रखा था।

Update: 2022-05-14 04:38 GMT

यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद व्लादिमीर पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कभी कहा जाता है कि उन्हें कैंसर है तो कभी पार्किंसन रोग का दावा किया जाता है। नए दावे में कहा जा रहा है कि क्रेमलिन के करीबी रह चुके एक रूसी व्यवसायी ने अपने पश्चिमी सहकर्मी से स्वीकार किया है कि पुतिन 'ब्लड कैंसर' से बुरी तरह बीमार हैं। गुप्त पहचान वाले रूसी अरबपति ने कथित तौर पर मार्च के मध्य में एक रिकॉर्डिंग में यूक्रेन पर रूसी राष्ट्रपति के हमले की आलोचना की थी।

मेट्रो की खबर के अनुसार न्यू लाइंस मैग्जीन को मिली रिकॉर्डिंग में व्यवसायी ने कहा कि पुतिन ने रूस, यूक्रेन और कई अर्थव्यवस्थाओं को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। समस्या उनके दिमाग में है...एक पागल आदमी दुनिया को उलट-पलट कर सकता है। रूसी व्यवसायी देश के 200 सबसे अमीर लोगों में शामिल है और वर्तमान में रूस के बाहर रह रहा है। एक पूर्व यूरोपीय सुरक्षा प्रमुख ने मैग्जीन को बताया कि वह 20 या 30 करीबी लोगों के सर्कल में शामिल था जिनसे पुतिन ने 2014 में क्रीमिया प्रायद्वीप पर कब्जे के दौरान मुलाकात की थी।
रूसी व्यवसायी के दिल में भरी पुतिन के लिए नफरत
अपनी रिकॉर्डिंग में रूसी व्यवसायी ने यूक्रेन को 'नाजियों और फासीवादियों' से आजादी दिलाने के झूठे दावे के लिए पुतिन को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि वह कैंसर या आंतरिक तख्तापलट से मर जाएं। पुतिन ने 10 साल के सोवियत-अफगान युद्ध से अधिक लोगों को मारा है। खबरों की मानें तो रूस की खुफिया सेवा ने स्थानीय प्रमुखों को एक आदेश जारी कर पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर अफवाहों से बचने के लिए कहा है।
विक्ट्री डे परेड में कंबल ओढ़कर पहुंचे पुतिन
पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर फिलहाल किसी रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन तस्वीरों और वीडियो में उनके कमजोर और फूले हुए चेहरे को देखकर लगातार उनके गिरते स्वास्थ्य का दावा किया जा रहा है। पिछले दिनों एक वीडियो में विक्ट्री डे परेड के दौरान पुतिन खांसते नजर आए और उन्होंने पैरों को कंबल से ढक रखा था। अप्रैल में सामने आए एक वीडियो में पुतिन का हांथ तेजी से कांपता नजर आया और उन्होंने कुर्सी को कसकर पकड़ रखा था।

Tags:    

Similar News