कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला करते हुए 35 मिसाइलों और 185 ड्रोन से हमला किया। इस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद यूक्रेन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए रूस की तीन तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है।
जानकारी के मुताबिक, रूस ने 72 घंटे के भीतर दूसरी बार यूक्रेन पर बड़ा हमला किया। इस बार रूसी सेना ने मुख्य रूप से राजधानी कीव को निशाना बनाया। हमले में 27 बैलेस्टिक मिसाइलों समेत कुल 35 मिसाइलों और 185 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि रूसी हमले से राजधानी के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।
यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम ने रूसी हमले को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह केवल एक बैलेस्टिक मिसाइल को ही नष्ट कर पाया। बाकी मिसाइलें और ड्रोन अपने लक्ष्यों तक पहुंच गए। हमले के बाद कीव में कई जगहों पर आग लग गई और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश के पास पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी हो रही है। जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से अधिक मिसाइलों की आपूर्ति करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रूसी हमलों को रोकने के लिए यूक्रेन को मजबूत वायु रक्षा प्रणाली की जरूरत है।
जेलेंस्की के अनुसार, ताजा रूसी हमले में करीब 30 लाख आबादी वाले कीव शहर के कई हिस्सों में नुकसान हुआ है। हमले के कारण कई स्थानों पर आग लग गई। 18 आवासीय इमारतों, एक स्कूल, लिथुआनिया के दूतावास और कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा है। कीव के दार्नित्स्की इलाके में सबसे ज्यादा सात लोगों की मौत हुई है। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
रूस के हमले के जवाब में यूक्रेन ने भी पलटवार किया। यूक्रेनी सेना ने रूस के बाश्कोर्टोस्तान क्षेत्र में स्थित तीन तेल रिफाइनरियों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। यूक्रेन पिछले कुछ समय से रूस के अंदर मौजूद तेल संयंत्रों, बंदरगाहों और सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले कर रहा है।
रूस-यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब साढ़े चार साल से ज्यादा समय से जारी है। दोनों देशों की सेनाएं करीब 1,200 किलोमीटर लंबी जमीनी सीमा पर आमने-सामने हैं। इस दौरान रूसी सेना धीरे-धीरे यूक्रेनी क्षेत्रों में आगे बढ़ने का दावा कर रही है, वहीं यूक्रेन भी रूस के अंदर तक हमले कर अपनी रणनीति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस के कई हजार किलोमीटर अंदर तक पहुंचकर तेल रिफाइनरियों, सैन्य ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाया है। इन हमलों का उद्देश्य रूस की सैन्य और आर्थिक क्षमता को प्रभावित करना बताया जा रहा है।
रूस की ओर से किए गए ताजा हमले ने युद्ध की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। यूक्रेन लगातार अपने सहयोगी देशों से अधिक हथियारों और एयर डिफेंस सिस्टम की मांग कर रहा है।
वहीं, रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष खत्म होने के कोई स्पष्ट संकेत फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से लगातार हमले जारी हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।