Russia ने यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन हमले किए, 2 की मौत और 15 घायल
Kyiv कीव: रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन हमले किए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। हमले के दौरान कई इमारतों में आग लग गई और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा।
यूक्रेन के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह किपर ने टेलीग्राम पर लिखा, "दुश्मन के हमले में आवासीय इमारतें, निजी घर, सुपरमार्केट, एक स्कूल और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कुछ स्थानों पर आग लगी थी, जिसे हमारे बचावकर्मी बुझा रहे हैं।"
यूक्रेन की राज्य रेलवे कंपनी उक्रज़लिज़नित्सिया ने बताया कि हमले के कारण उनके ट्रैक, संपर्क नेटवर्क और तीन माल गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है और माल गाड़ियां वैकल्पिक मार्ग से पोर्ट तक जा रही हैं।
यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात के हमले में पांच बैलिस्टिक मिसाइल और 170 ड्रोन लॉन्च किए थे, जिनमें से 74 ड्रोन को वायु सेना ने नष्ट कर दिया और 68 ड्रोन अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए।