क्रिसमस के संदेश में ब्रिटेन की महारानी ने किया दीवाली का जिक्र, जानें क्या कहा

इस वर्ष क्रिसमस के मौके पर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ दि्तीय द्वारा दिया गया भाषण विविधता और आशा पर केंद्रित था।

Update: 2020-12-26 14:19 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। लंदन, प्रेट्र। इस वर्ष क्रिसमस के मौके पर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ दि्तीय द्वारा दिया गया भाषण विविधता और आशा पर केंद्रित था। इस दौरान उन्होंने लॉकडाउन के दौरान मनाए गए दीवाली सहित सभी धर्मो के प्रमुख त्योहारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी क्रिसमस की शुभकामनाएं इस वर्ष ठीक प्रतीत नहीं होती हैं। इसलिए हम बेहतर 2021 की कामना करते हैं। यह पहली बार है, जब क्रिसमस के मौके पर 94 वर्षीय महारानी के साथ उनका शाही परिवार नहीं था। लोगों से सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान की अपील करते हुए महारानी ने कोरोना के दौरान जान गंवाने वाले विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों को याद किया।


सभी धर्मों के लोग एकत्र होने में असमर्थ
उन्होंने कहा, 'ईसाइयों के लिए यीशु एकमात्र उम्मीद हैं, लेकिन हम उनका जन्मदिन सामान्य तरीके से मना नहीं सकते हैं। सभी धर्मों के लोग एकत्र होने में असमर्थ हैं, क्योंकि उन लोगों ने ईस्टर, ईद और वैशाखी भी इसी तरह से मनाई है।' पूर्व में रिकॉर्ड किए गए इस संदेश को सालाना 25 दिसंबर को दिन में तीन बजे प्रसारित किया गया था। महारानी ने कहा, 'शारीरिक दूरी के बावजूद पिछले महीने हिंदू, सिख और जैन धर्म के लोगों ने रोशनी का पर्व दीपावली मनाया। इस दौरान आतिशाबाजी से विंडसर पैलेस के ऊपर का आसमान सतरंगी रोशनी से नहा उठा।


स्वयंसेवकों की कहानियों ने मुझे प्रेरित किया

एक खास बात यह है कि इस वर्ष भले ही हम दूर-दूर रहे हों, लेकिन यह कई मायनों में हमें करीब भी लाया है। महामारी के दौरान जरूरतमंदों की मदद करने वाले स्वयंसेवकों की कहानियों ने मुझे प्रेरित किया है।' अपने संदेश के दौरान महारानी ने वैक्सीन बनाने में सफलता के लिए आधुनिक विज्ञान की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। यह संदेश विंडसर पैलेस के ग्रीन ड्राइंग रूम में रिकॉर्ड किया गया था। महारानी के पीछे उनके पति और 99 वर्षीय प्रिंस फिलिप की तस्वीर लगी हुई थी।


Tags:    

Similar News

-->