सिंगापुर के प्रधानमंत्री (Prime Minister of Singapore) सोमवार को एक पुनर्निर्मित गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में पगड़ी पहने हुए नजर आए, जिसके बाद उनकी ये फोटो सोशल मीडिया (Social Media) पर जमकर वायरल हो गई. सिलाट रोड सिख मंदिर के उद्घाटन समारोह में पीएम ली सीन लूंग (Lee Hsien Loong) ने 'सत श्री अकाल' के साथ मेहमानों का स्वागत किया. कोरोना महामारी के दौरान गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण कराया गया है.

कार्यक्रम को संबोधित कर रहे सफेद कुर्ता पहने हुए सीन लूंग ने कोविड-19 महामारी के कारण होने वाले समस्याओं को कम करने के प्रयासों के लिए सिख समुदाय को धन्यवाद दिया. सीन लूंग ने कहा कि स्थानीय सिखों ने जाति, धर्म या पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना कोविड-19 महामारी के दौरान अलग-अलग सहायता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मदद मुहैया कराई.
'सत श्री अकाल' से किया जनता का अभिवादन
मीडियाकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य वाणिज्यिक और डिजिटल अधिकारी परमिंदर सिंह ने ट्विटर पर पगड़ी पहने सीन लूंग का एक वीडियो शेयर किया. वीडियो ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने पगड़ी पहनकर एक नए पुनर्निर्मित गुरुद्वारे का उद्घाटन किया और एक सत श्री अकाल के साथ सभी का अभिवादन किया.'

प्रधानमंत्री के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट की गई तस्वीरों पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'आप पगड़ी पहनकर डॉक्टर मनमोहन सिंह की तरह दिखते हैं.' बता दें कि डॉ मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री थे. 500 साल पहले सिंगापुर को ग्रेटर इंडिया का हिस्सा माना जाता था. यहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं. इस देश में तमिल भाषा को राजभाषा का दर्जा प्राप्त है और यहां भी हिंदी भाषा बोलने वाले लोगों की संख्या भी काफी अधिक है. सिंगापुर भारतीय पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है.
बच्चों का वैक्सीनेशन रोकने की अपील
अन्य देशों की तरह सिंगापुर में भी पिछले साल कोविड की शुरुआती पीक देखने को मिली. यहां वैक्सीनेशन अभियान भी जोरों से चलाया जा रहा है. सिंगापुर में हृदय रोग विशेषज्ञों समेत डॉक्टरों के एक समूह ने बीते दिनों अमेरिका (America) में टीका ले चुके 13 साल के एक बच्चे की मौत के बाद देश में कोविड-19 टीकाकरण पर विशेषज्ञ समिति से करीब दो लाख स्कूली बच्चों का टीकाकरण (Vaccination) अभियान रोकने का अनुरोध किया था.
Tags: