पाकिस्तानः सिंधु नदी में नाव डूबने से 13 लोगों की मौत, कई अब भी लापता
14 जून से अब तक बारिश और बाढ़ से अबतक 1,033 लोगों के मरने की खबर है, जबकि 1 हजार 527 लोग घायल हुए हैं।
भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान बाढ़ (Floods in Pakistan) के भीषण कहर से जूझ रहा है। देश में पहले ही हजार के ऊपर की संख्या में लोगों ने बाढ़ में अपनी जान गंवा दी। अब इस बीच यहां बाढ़ पीड़ितों से भरी नाव पलटने की दर्दनाक घटना सामने आई है।
नाव पर दो दर्जन से अधिक लोग सवार
स्थानीय मीडिया के अनुसार, सोमवार को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सिंधु नदी में बाढ़ प्रभावित लगभग 25 पीड़ितों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। कई लोग अब भी लापता हैं। यह घटना सिंध के सहवान शहर के बिलावलपुर गांव में हुई जब बाढ़ पीड़ितों का रेस्क्यू कर नाव के जरिए उन्हें राहत शिविरों में ले जाया जा रहा था। घटना को लेकर उपायुक्त ने कहा कि 13 लोगों की मौत हुई है। जबकि आठ लोगों को बचा लिया गया है।
पाकिस्तान में 'आपातकाल' घोषित
बता दें कि पाकिस्तान अपने इतिहास में सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। देश की सरकार ने 'राष्ट्रीय आपातकाल' घोषित कर दिया है। पाकिस्तान सरकार और सेना लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान चलाकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय मीडिया की मानें तो पाकिस्तान के करीब 110 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। देश की सरकार ने छियासठ जिलों को आधिकारिक तौर पर 'आपदा प्रभावित' घोषित किया गया है। इसमें बलूचिस्तान में 31, सिंध में 23, खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में नौ और पंजाब में तीन जिले शामिल हैं।
एक हजार से अधिक लोगों ने गंवाई जान
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने बताया कि पाकिस्तान में करीब 33 मिलियन लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 14 जून से अब तक बारिश और बाढ़ से अबतक 1,033 लोगों के मरने की खबर है, जबकि 1 हजार 527 लोग घायल हुए हैं।