न्यूयॉर्क: भारत में जन्मीं डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नित्या रमन के लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में जीतने का अनुमान है। वह मौजूदा मेयर करेन बास को हराकर, इस अमेरिकी शहर के इतिहास में दक्षिण एशियाई मूल की पहली मेयर बन सकती हैं। CNN के अनुमान के अनुसार, लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल की सदस्य रमन, देश के दूसरे सबसे बड़े शहर की कमान संभालने की दौड़ में बास को हरा देंगी। उनकी इस संभावित जीत के साथ, अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों - न्यूयॉर्क और लॉस एंजिल्स - की कमान भारतीय मूल के नेताओं के हाथों में होगी। इससे पहले ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर चुने गए थे।
CNN ने बताया कि सिटी काउंसिल की सदस्य रमन ने जून के प्राइमरी चुनाव में रिपब्लिकन स्पेंसर प्रैट को पीछे छोड़ दिया था। इससे डेमोक्रेटिक पार्टी की पूर्व कांग्रेसवुमन करेन बास के लिए मुकाबला और भी कड़ा हो गया। रमन ने वादा किया है कि 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक से पहले, वह सड़कों पर रहने वाले बेघर लोगों की संख्या को आधा कर देंगी। केरल में जन्मीं नित्या रमन लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल में डिस्ट्रिक्ट 4 का प्रतिनिधित्व करती हैं और पेशे से एक अर्बन प्लानर (शहरी योजनाकार) हैं। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
जीत के करीब पहुंच चुकीं रमन, न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी (जो खुद भी दक्षिण एशियाई मूल के हैं) के साथ मिलकर, अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों की कमान संभालने वाली पहली दक्षिण एशियाई मेयर बन सकती हैं।
वह उन कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से एक हैं, जिन्होंने अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) में हिस्सा लिया था। मंगलवार को संपन्न हुए इन चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेट्स ने हाउस और सीनेट पर अपना नियंत्रण हासिल कर लिया है और पूरे अमेरिका में एक बड़ी 'ब्लू वेव' (डेमोक्रेटिक लहर) देखने को मिली है, जिसमें उन्होंने कई सीटों और रिपब्लिकन पार्टी के पारंपरिक गढ़ों पर कब्जा कर लिया है। फ्लोरिडा की पिया डंडिया से लेकर एरिज़ोना से कांग्रेस में प्रतिनिधित्व करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी अमीश शाह तक, भारतीय मूल के कई उम्मीदवारों ने मध्यावधि चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।