वाशिंगटन: लॉस एंजिल्स की मेयर-इलेक्ट (चुनी गई मेयर) और भारतीय मूल की नित्या रमन के सामने एक शुरुआती चुनौती आ गई है। उन्होंने पुलिस चीफ जिम मैकडोनेल को हटाने का वादा किया था, लेकिन शहर के नियमों के अनुसार वह उन्हें अकेले अपने दम पर नहीं हटा सकतीं।
'लॉस एंजिल्स टाइम्स' की बुधवार की रिपोर्ट के अनुसार, अपने चुनाव प्रचार के दौरान रमन ने बार-बार नए नेतृत्व का वादा किया था। उन्होंने संघीय आव्रजन (इमिग्रेशन) कानूनों को लागू करने के मामले में और प्रदर्शनों को संभालने के तरीके को लेकर लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग (LAPD) की आलोचना की थी।
अखबार के अनुसार, चुनाव प्रचार के एक वीडियो में उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि चीफ मैकडोनेल इस समय की जरूरत के हिसाब से खरे उतरे हैं।"
उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा आंसू गैस, कम घातक हथियारों और घुड़सवार इकाइयों के इस्तेमाल की आलोचना की। उन्होंने डेटा-शेयरिंग से जुड़ी जांच में संघीय एजेंसियों के साथ सहयोग करने पर भी सवाल उठाए।
हालांकि, चुनाव जीतने के बाद रमन ने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि मैकडोनेल पद छोड़ेंगे या नहीं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उनकी मैकडोनेल से बात हुई है और उन्होंने सत्ता हस्तांतरण (ट्रांजिशन) के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया है।
मैकडोनेल ने रमन को बधाई दी और कहा कि वह चुनाव नतीजों का सम्मान करते हैं।
'टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, किसी अधिकारी को हटाने का अधिकार सिटी काउंसिल और पांच सदस्यीय 'बोर्ड ऑफ पुलिस कमिश्नर्स' के पास है। काउंसिल दो-तिहाई बहुमत से उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
अखबार ने बताया कि रमन को इस कदम के लिए जरूरी समर्थन मिल पाएगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। काउंसिल में उनके किसी भी साथी ने उनके मेयर पद के अभियान का समर्थन नहीं किया था।
निवर्तमान मेयर करेन बास, जिन्होंने दो साल पहले मैकडोनेल को नियुक्त किया था, ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि 2028 के ओलंपिक से पहले पुलिस नेतृत्व में कोई बदलाव करना ठीक नहीं होगा।
रमन के पहले 100 दिनों के एजेंडे में यह भी शामिल है कि LAPD शहर के 'सेंक्चुअरी लॉ' (प्रवासियों की सुरक्षा से जुड़े कानून) का पालन कर रहा है या नहीं, इसका ऑडिट कराया जाए। पुलिस विभाग का कहना है कि उनकी नीतियां और राज्य तथा शहर के कानून उन्हें संघीय आव्रजन कानूनों को लागू करने में मदद करने से रोकते हैं।
स्टाफ की कमी भी एक बड़ी और तत्काल चिंता का विषय है। 'टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, LAPD में अभी 8,504 पुलिसकर्मी हैं, जो अक्टूबर 1995 के बाद से सबसे कम संख्या है। इनमें से लगभग दसवां हिस्सा पूरी तरह से ड्यूटी करने के लिए उपलब्ध नहीं है। रमन ने कहा है कि वह नहीं चाहतीं कि स्टाफ की संख्या और कम हो।
पुलिस यूनियन, जिसने उनके चुनाव अभियान का विरोध किया था, ने स्टाफ में संभावित कटौती को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, यूनियन का यह भी कहना है कि स्टाफ को लेकर रमन का जो लक्ष्य है, वे उससे सहमत हैं।
रमन छह साल की उम्र में भारत से अमेरिका आ गई थीं और वह सिटी काउंसिल के चौथे जिले (डिस्ट्रिक्ट) का प्रतिनिधित्व करती हैं। 14 दिसंबर को अपना कार्यकाल शुरू होने पर, वह लॉस एंजिल्स की पहली एशियाई अमेरिकी मेयर बन जाएंगी।