इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की तीन दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा ले रहा है। भारत की ओर से इस बैठक में भागीदारी इसलिए चर्चा में है क्योंकि हाल के महीनों में भारत-पाकिस्तान संबंधों में काफी तनाव देखा गया है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब भारत का कोई आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा है। हालांकि कूटनीतिक जानकार इसे दोनों देशों के रिश्तों में सुधार के संकेत के तौर पर देखने के बजाय SCO की नियमित संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा मान रहे हैं।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेशनल कोऑर्डिनेटर आलोक डिमरी कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान की ओर से नेशनल कोऑर्डिनेटर मोहम्मद फैसल बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 में प्रस्तावित SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट शिखर सम्मेलन की तैयारियों को आगे बढ़ाना है।

इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर अक्टूबर 2024 में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद गए थे। उस समय भी उनकी यात्रा को दोनों देशों के तनावपूर्ण संबंधों के बीच महत्वपूर्ण माना गया था।

SCO में भारत और पाकिस्तान के अलावा चीन, रूस, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस भी सदस्य हैं। पाकिस्तान वर्तमान में संगठन की अध्यक्षता कर रहा है और अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में होने वाले SCO राष्ट्राध्यक्ष शिखर सम्मेलन की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

भारत और पाकिस्तान के राजनीतिक संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों देश SCO के मंच पर आयोजित बैठकों में शामिल होते रहे हैं। दोनों देशों को 2017 में संगठन की पूर्ण सदस्यता मिली थी। इसके बाद से विभिन्न स्तरों की बैठकों में दोनों देशों के अधिकारी हिस्सा लेते रहे हैं।

इस्लामाबाद में जारी मौजूदा बैठक में SCO के सदस्य देशों के बीच समन्वय बढ़ाने, आगामी बैठकों का कार्यक्रम तय करने और पाकिस्तान की अध्यक्षता के दौरान होने वाले आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा संगठन के एजेंडे में शामिल दूसरे प्रशासनिक और संस्थागत मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के मुताबिक यह बैठक 2027 में होने वाले SCO शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बैठक के दौरान सदस्य देशों के प्रतिनिधि संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बैठकों और सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।

भारत के प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चा जरूर है, लेकिन फिलहाल इसे भारत-पाकिस्तान के बीच किसी नए द्विपक्षीय संवाद की शुरुआत नहीं माना जा रहा है। यह भागीदारी मुख्य रूप से SCO से जुड़ी बहुपक्षीय प्रक्रिया के तहत हो रही है।

Tags: