निप्रो पर मिसाइलों की बारिश अमेरिकी कंपनी का प्लांट हुआ तबाह
रूस का ताबड़तोड़ हमला
कीव: रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमले तेज करते हुए निप्रो शहर में एक प्रमुख खाद्य प्रसंस्करण संयंत्र को निशाना बनाया है। 10 सितंबर को हुए हमले में अमेरिकी एग्रीबिजनेस कंपनी Bunge के स्वामित्व वाला सूरजमुखी तेल संयंत्र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक निप्रो में खाद्य उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठान पर हुए हमलों में दो लोगों की मौत हुई और पांच लोग घायल हुए। निप्रो के मेयर बोरिस फिलातोव ने पुष्टि की कि निशाना बनाया गया संयंत्र Bunge से जुड़ा है और यहां लोकप्रिय Oleina ब्रांड का खाद्य तेल तैयार किया जाता है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इसी परिसर को एक ही दिन में दो बार निशाना बनाया गया। हमले के बाद परिसर में आग लग गई और गंभीर नुकसान हुआ।
Bunge ने भी पुष्टि की है कि 10 सितंबर की सुबह हुए हमलों में उसके निप्रो संयंत्र का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। कंपनी के अनुसार उसके कर्मचारियों के घायल होने की सूचना नहीं है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह संयंत्र यूक्रेन के पांच बड़े ऑयलसीड प्रोसेसिंग प्लांट में शामिल है और प्रतिदिन करीब 1,600 टन तिलहन प्रसंस्करण की क्षमता रखता है। यूक्रेन दुनिया के प्रमुख सूरजमुखी तेल उत्पादक और निर्यातक देशों में रहा है। युद्ध से पहले वह सालाना करीब 50 से 60 लाख मीट्रिक टन सूरजमुखी तेल निर्यात करता था। ऐसे में खाद्य तेल प्रसंस्करण संयंत्रों पर हमले से यूक्रेन की उत्पादन और निर्यात क्षमता पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।
यूक्रेन ने रूस पर लगाए गंभीर आरोप
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने अमेरिकी स्वामित्व वाले संयंत्र पर हमले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे अमेरिकी व्यवसायों और आर्थिक हितों को प्रभावित करने वाले रूसी हमलों की श्रृंखला से जोड़ा और यूक्रेन की वायु रक्षा को और मजबूत करने की मांग की। हाल के दिनों में रूस ने यूक्रेन में आर्थिक और लॉजिस्टिक बुनियादी ढांचे पर हमले तेज किए हैं। गोदामों, खाद्य आपूर्ति से जुड़े प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं रूस का कहना रहा है कि उसके हमलों का लक्ष्य सैन्य और लॉजिस्टिक ढांचा है।
निप्रो में लगातार हमलों से दहशत
निप्रो पहले भी रूसी हमलों की चपेट में आ चुका है। सितंबर की शुरुआत में शहर के खाद्य गोदामों और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं पर भी हमले हुए थे, जिनमें जानमाल का नुकसान हुआ था। लगातार हमलों के कारण शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे और कारोबारी गतिविधियों पर दबाव बढ़ रहा है। अमेरिकी कंपनी के संयंत्र पर ताजा हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं। इसके बावजूद दोनों तरफ से लंबी दूरी के हमले तेज बने हुए हैं और युद्ध के जल्द समाप्त होने के संकेत फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं।