टेक्सास: अमेरिका में टैक्स धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में भारतीय मूल के व्यक्ति को पांच साल की जेल की सजा सुनाई गई है। टेक्सास के जॉनस्टाउन निवासी आनंद शुक्ला को अमेरिकी सरकार को धोखा देने की साजिश रचने और कारोबारियों को अवैध टैक्स शेल्टर बेचने के मामले में 60 महीने जेल की सजा दी गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक शुक्ला ने 2.7 करोड़ डॉलर से अधिक की आय को इंटरनल रेवेन्यू सर्विस यानी IRS से छिपाने में मदद की थी।
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक आनंद शुक्ला ने अमेरिका को धोखा देने की साजिश के एक आरोप में इसी साल 10 मार्च को अपना अपराध स्वीकार किया था। मामला ऐसे कथित टैक्स शेल्टर से जुड़ा था जिसे देशभर के कारोबारियों के सामने टैक्स बचाने के तरीके के रूप में पेश किया गया था। अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि यह योजना कई वर्षों तक चलाई गई।
2017 से 2025 तक चला खेल
जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 से 2025 के बीच शुक्ला और उसके सहयोगियों ने एक ‘अब्यूजिव ट्रस्ट टैक्स शेल्टर’ को बढ़ावा दिया और बेचा। इतना ही नहीं आरोपियों ने खुद भी इस व्यवस्था का इस्तेमाल किया। ग्राहकों को दावा किया जाता था कि इस व्यवस्था के जरिए वे अपनी संपत्ति पर नियंत्रण बनाए रखते हुए अपने कारोबार से होने वाली लगभग पूरी आय पर टैक्स खत्म कर सकते हैं। इस योजना को बेचने के लिए कुछ ग्राहकों से 2.25 लाख डॉलर तक की फीस बताई गई थी। शुक्ला आम तौर पर ट्रस्ट पैकेज के लिए ग्राहकों से 25 हजार से 55 हजार डॉलर तक वसूलता था। वह ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेज तैयार करता था और दूसरे प्रमोटरों को भी इस व्यवस्था की जानकारी और प्रशिक्षण देता था।
सेमिनार और पॉडकास्ट से किया प्रचार
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक शुक्ला ने इस टैक्स योजना का प्रचार देशभर में सेमिनार वेबिनार पॉडकास्ट और सीधे बिक्री प्रस्तावों के जरिए किया। ग्राहकों को अपनी कंपनियों का पुनर्गठन करने और कारोबार की करीब 98 प्रतिशत आय को विभिन्न ट्रस्ट तथा एक निजी पारिवारिक फाउंडेशन के माध्यम से भेजने की सलाह दी जाती थी। आरोप है कि ग्राहकों को वाहन मनोरंजन और मकान की किस्त जैसे निजी खर्च भी ट्रस्ट खातों से करने और उन्हें टैक्स कटौती के रूप में दिखाने के लिए कहा जाता था। शुक्ला ग्राहकों को ऐसे टैक्स रिटर्न तैयार करने वालों के पास भी भेजता था जिनके बारे में उसे पता था कि वे इस योजना में हिस्सा लेंगे।
2.7 करोड़ डॉलर से ज्यादा की आय छिपाने में मदद
जांच एजेंसियों के मुताबिक इस पूरी योजना के जरिए शुक्ला ने 27 मिलियन डॉलर यानी 2.7 करोड़ डॉलर से अधिक की आय IRS से छिपाने में मदद की। मामले की जांच IRS क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ने की। इसके बाद संघीय अदालत ने उसे 60 महीने यानी पांच साल की जेल की सजा सुनाई। अमेरिकी न्याय विभाग ने 11 सितंबर को सजा की जानकारी सार्वजनिक की। अधिकारियों के मुताबिक टैक्स धोखाधड़ी और वित्तीय योजनाओं के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags: