नई दिल्ली: चीन के शांसी प्रांत की राजधानी शीआन में 20 अगस्त 2025 को अचानक बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) से भारी तबाही हुई. कुछ ही मिनटों में भारी बारिश और तेज हवाओं ने शहर को जलमग्न कर दिया. यह प्राकृतिक आपदा एक विशाल क्यूमुलोनिम्बस बादल से शुरू हुई, जिसने शीआन के कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) ला दी.
इस घटना में किसी बड़े जनहानि की खबर नहीं आई, लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, ऐसा लगता है मानो आसमान से झरना बह रहा हो. बादल फटना एक ऐसी मौसमी घटना है, जिसमें बहुत कम समय में भारी मात्रा में बारिश होती है. यह आमतौर पर तब होता है जब गर्म और नम हवा ऊपर उठती है और ठंडी हवा से मिलकर विशाल बादल बनाती है. ये बादल 20-30 मिनट में ही 100-250 मिमी बारिश कर सकते हैं, जो नदियों, सड़कों और घरों को जलमग्न कर देता है. शीआन में हुई यह घटना भी ऐसी ही थी, जहां कुछ ही मिनटों में सड़कें तालाब बन गईं.
20 अगस्त 2025 की दोपहर को शीआन में एक स्थानीय तूफान आया, जिसने शहर के कई हिस्सों को प्रभावित किया. यंगस्टर ट्यूब के वायरल वीडियो में दिखा कि आसमान से पानी झरने की तरह गिर रहा था. सड़कों पर पानी भर गया, गाड़ियां डूब गईं और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई.
इस तूफान ने शीआन शियानयांग इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी प्रभावित किया, जहां उड़ानें देरी से चलीं. हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किए. शीआन ब्यूरो ऑफ इमरजेंसी मैनेजमेंट ने बताया कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन बाढ़ ने सड़कों, बिजली आपूर्ति और कुछ घरों को नुकसान पहुंचाया.