Turkey के अंकारा के पास विमान दुर्घटना में लीबिया के सेना प्रमुख की मौत
Ankara अंकारा: तुर्की की राजधानी अंकारा में एक प्राइवेट जेट क्रैश हो गया, जिसमें लीबियाई सेना प्रमुख महमूद अली अल-हद्दाद समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। उनका मानना है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
तुर्की के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय रक्षा वार्ता के लिए एक लीबियाई प्रतिनिधिमंडल अंकारा आया था। बातचीत खत्म होने के बाद जब विमान वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। विमान ने रात 8:30 बजे एसेनबोगा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। 40 मिनट के अंदर ही विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करने के लिए कहा गया था। तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि लैंडिंग के दौरान रडार से संपर्क टूट गया था। अधिकारियों को विमान का मलबा अंकारा से 70 किलोमीटर दूर मिला।
इस हादसे में सेना प्रमुख महमूद अली अल-हद्दाद, चार सैन्य अधिकारी और तीन नागरिकों की मौत हो गई। मरने वालों में ग्राउंड फोर्सेज के प्रमुख जनरल अल-फितौरी घ्राइब, मिलिट्री मैन्युफैक्चरिंग अथॉरिटी के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी, चीफ ऑफ स्टाफ सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब शामिल थे। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल हामिद ने पुष्टि की कि सेना प्रमुख जनरल मोहम्मद अली की मौत हो गई है। इस घटना के बाद अंकारा एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। तुर्की के अधिकारी क्रैश के कारणों की जांच कर रहे हैं। लीबिया सरकार ने भी अंकारा में एक विशेष टीम भेजी है।