जानिए इतना कर्ज में कैसे डूब गया अमेरिका? कहाँ-कहाँ करता है ज्यादा खर्च?

Update: 2023-06-07 18:32 GMT

दुनिया की महाशक्ति अमेरिका इस समय अपने सबसे बड़े आर्थिक संकट से गुजर रही है। उस पर डिफॉल्ट होने का खतरा मंडरा रहा है। इस समय अमेरिका पर 31.46 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज हो गया है, जो दुनिया के किसी भी अन्य देश के मुकाबले बहुत ज्यादा है। अमेरिका का कर्ज उसकी जीडीपी से भी ज्यादा हो गया है। ऐसे में अगर अमेरिका जल्द ही अपने कर्ज लेने की सीमा नहीं बढ़ाता है तो फिर वह डिफॉल्ट हो जाएगा। तो चलिए आज हम जानेंगे कि आखिर दुनिया के सबसे अमीर देश अमेरिका पर इतना कर्ज कैसे हो गया?

कमाई से ज्यादा खर्च

चाहे वह घर हो या कोई देश, अगर कमाई से ज्यादा खर्च करोगे तो आर्थिक स्थिति का बिगड़ना तय है। अमेरिका के साथ भी यही हुआ है। उसका खर्च उसकी कमाई के मुकाबले बहुत ज्यादा है। पिछले कुछ दशकों से अमेरिका का कर्ज तेजी से बढ़ा, लेकिन इसके बावजूद उसने अपने खर्च में कटौती नहीं की। इसका नतीजा आज हम सब के सामने है। तो चलिए जानते हैं कि अमेरिका सबसे ज्यादा खर्च कहाँ करता है।

सैन्य कार्रवाई

अमेरिका का सैन्य खर्च पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है। उसका रक्षा बजट 858 बिलियन डॉलर है। यह कितना ज्यादा है, इस बात का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि दूसरे नंबर पर मौजूद चीन का रक्षा बजट 225 अरब डॉलर है। अफगानिस्तान और इराक सहित दूसरे देशों में अपनी सेना उतारने के लिए भी अमेरिका को भारी खर्च करना पड़ा। एक रिपोर्ट के अनुसार 20 साल में दूसरे देशों में सेना भेजने पर अमेरिका को 8 ट्रिलियन डॉलर खर्च करना पड़ा।

कोरोना

कोविड 19 के चलते भी अमेरिका अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ। इस दौरान अमेरिकी सरकार को स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी भरकम खर्च करना पड़ा। एक रिपोर्ट के अनुसार साल 2019 से साल 2022 के बीच अमेरिकी सरकार का खर्च 50 फीसदी बढ़ गया था।

स्वास्थ्य सेवाएं

रक्षा ही नहीं बल्कि अमेरिका अपनी स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दुनिया में सबसे ज्यादा खर्च करता है। साल 2021 में अमेरिका ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं पर 4.3 ट्रिलियन डॉलर खर्च किया। अमेरिका अपने हर नागरिक पर सालाना करीब 12,900 डॉलर खर्च करता है। अमेरिका की आबादी में एक बड़ा हिस्सा बुजुर्गों का है, जिसके स्वास्थ्य और देखभाल के लिए भी उसे भारी खर्च करना पड़ता है।

विकास कार्यों का खर्च

अमेरिका सरकार अपने देश के विकास के लिए भी भारी-भरकम खर्च करता है। इसमें शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम और अन्य सरकारी योजनाएं शामिल हैं। अमेरिका का शिक्षा बजट भारत के कुल बजट से भी ज्यादा है। इसके अलावा सरकारी अधिकारियों की सैलरी सहित अन्य चीजों पर भी खर्च होता है।

Tags:    

Similar News