इजरायल: 'एकता सरकार' पर नेतन्याहू के वादे को 24 घंटे में परखेंगे आइजनकोट
तेल अवीव: इजरायल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गादी आइजनकोट के सामने एक प्रस्ताव रखा था। इस पेशकश के जवाब में आइजनकोट ने लिकुड को 24 घंटे के भीतर अपनी गंभीरता साबित करने की चुनौती दी।
शनिवार को मीडिया पोस्ट में नेतन्याहू ने इस प्रस्ताव के तहत आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री बनेंगे, जबकि नेतन्याहू शुरुआती कार्यकाल में वैकल्पिक प्रधानमंत्री की भूमिका निभाएंगे। आइजनकोट ने नेतन्याहू की पेशकश पर तत्काल बातचीत की तैयारी जताई, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने लिकुड को 24 घंटे के भीतर अपनी गंभीरता साबित करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि लिकुड वास्तव में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाना चाहता है तो उसे 'ईमानदार और ठोस' बातचीत के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नीतिगत मामलों से जुड़ा एक विस्तृत प्रस्ताव बीते रविवार को नेतन्याहू को सौंप दिया गया था। यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री के अनुरोध पर बनाए गए एक गोपनीय माध्यम से भेजा गया था। हालांकि, आइजनकोट का कहना है कि उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
आइजनकोट ने पोस्ट में लिखा, "पिछले लगभग तीन हफ्तों से हम ईमानदारी और तेजी से बातचीत करने का प्रस्ताव रख रहे हैं, लेकिन हमें केवल इनकार और टालमटोल का सामना करना पड़ा है।" सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आइजनकोट ने कहा कि वह एक 'यूनिटी सरकार' (मिली-जुली सरकार) बनाने के लिए राजनीतिक समझौते करने को तैयार हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वह इजरायली एकजुटता को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा का एक अहम हिस्सा मानते हैं।
नेतन्याहू ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने प्रस्ताव की जानकारी देते हुए कहा कि देश के सामने मौजूद गंभीर सुरक्षा खतरों को देखते हुए उनकी जिम्मेदारी है कि वह व्यक्तिगत और राजनीतिक प्राथमिकताओं को अलग रखें। उन्होंने कहा कि वह इस बात पर सहमत हैं कि आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री के रूप में काम करें और वह शुरुआत में वैकल्पिक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालें।
27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जबकि आइजनकोट की याशर पार्टी को 21 सीटें मिली थीं। हालांकि, नेतन्याहू के पारंपरिक दक्षिणपंथी और धार्मिक दलों का गठबंधन 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटें हासिल नहीं कर सका।