तेहरान: ईरान की नौसेना ने मंगलवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के पूर्व में दो तेल टैंकरों में आग लग गई। ये टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) से टकरा गए थे और नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। ईरान की सेना की वेबसाइट पर जारी एक बयान में नौसेना ने कहा कि इन जहाजों ने अपने पहचान और नेविगेशन सिस्टम को बंद कर दिया था और जलमार्ग के पूर्व में एक "प्रतिबंधित" क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोटों के कारण ये टैंकर रुक गए। नौसेना ने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने के लिए ईरान के नियमों का पालन करना जरूरी है।
नौसेना ने चेतावनी दी कि जब तक ईरान के उद्देश्यों और मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक इस जलमार्ग को फिर से नहीं खोला जाएगा। साथ ही, टैंकर मालिकों से सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय करने का आग्रह किया। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को ही ईरान के सेना कमांडर मेजर जनरल अमीर हातमी ने कहा कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तेहरान इस जलमार्ग पर अपना नियंत्रण और सख्त करेगा, जिससे उसके विरोधियों के लिए हालात और मुश्किल हो जाएंगे।
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, मंगलवार को वरिष्ठ सेना कमांडरों को संबोधित करते हुए हातमी ने कहा कि सामाजिक, सैन्य, राजनीतिक और भू-राजनीतिक — इन चार आयामों में ईरान की ताकत ने दुश्मनों के सारे हिसाब-किताब बिगाड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान ने अपने विरोधियों को ऐसा नहीं करने दिया कि युद्ध का खामियाजा सिर्फ ईरानियों को ही भुगतना पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिन्होंने युद्ध शुरू किया, उन्हें भी गैस स्टेशनों और अपने घरों में इसके असर का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध का दर्द अकेले नहीं सहेगा, और जो कोई भी दुश्मन का साथ देगा, उसे भी इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
तस्नीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य को ईरान की भू-राजनीतिक ताकत का प्रतीक और देश की कुल शक्ति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए हातमी ने चेतावनी दी कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक यह रणनीतिक जलमार्ग बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण और सख्त करेगा, जिससे दुश्मनों पर दबाव और बढ़ेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी (पर्सियन गल्फ) को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा गलियारों में से एक है, जिसके जरिए खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख उत्पादक देशों से तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का निर्यात अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जाता है।
Tags: