Washington वॉशिंगटन: US डिपार्टमेंट ऑफ़ होमलैंड सिक्योरिटी ने बताया कि कैलिफ़ोर्निया में एक रेस्टोरेंट के बाहर भारतीय मूल की 38 साल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप भारत के ही 22 साल के एक युवक पर है, जिसने कथित तौर पर महीनों तक महिला का पीछा किया था।
यह घटना 8 सितंबर को सैक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में हुई।
DHS ने शुक्रवार को बताया कि भारत से आए बिना वैध कागज़ात वाले प्रवासी रोहित ने शालिनी ठाकुर को उनकी कार के पास रोका। जब शालिनी भागने लगीं, तो रोहित ने उनका पीछा किया, बंदूक निकाली और कई बार गोली मारी। DHS के मुताबिक, शालिनी के ज़मीन पर गिरने के बाद, उसने बहुत पास से उनके सिर में दोबारा गोली मारी और फिर अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गया। Fox40.com की रिपोर्ट के अनुसार, सैक्रामेंटो काउंटी कोरोनर ऑफिस ने बताया कि अधिकारियों ने ड्राइवर को कार से बाहर आने के लिए कहा, लेकिन बाद में पता चला कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
DHS के प्रवक्ता ने बताया कि ठाकुर का हत्यारा रोहित भारत का रहने वाला था और 2023 में एरिज़ोना के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। प्रवक्ता के अनुसार, उसे US बॉर्डर पेट्रोल ने गिरफ़्तार किया था और बाद में बाइडेन प्रशासन ने रिहा कर दिया था।
शुक्रवार तक उसके इमिग्रेशन स्टेटस (प्रवास की स्थिति) के बारे में पूरी जानकारी साफ़ नहीं हो पाई थी। आगे की जांच में पता चला कि रोहित कम से कम जनवरी से ही ठाकुर को परेशान कर रहा था और उनका पीछा कर रहा था। यह बात तब सामने आई जब ठाकुर को अपनी कार के हुड के नीचे एक Apple AirTag मिला। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोहित ने कथित तौर पर उनकी कार की हवा निकाल दी थी और काम पर जाते समय उनका पीछा करता था ताकि मदद का बहाना बना सके। SCSO ने बताया कि उसने उनके अपार्टमेंट की चाबी की एक कॉपी भी हासिल कर ली थी और उनके सोए होने पर घर में घुस गया था।