HSBC हुरुन लिस्ट 2026: सुंदर पिचाई की बड़ी छलांग, सत्य नडेला को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली: 'HSBC हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026' में अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई सबसे प्रभावशाली भारतीय मूल के बिजनेस लीडर बनकर उभरे हैं। वे 4.2 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन वाली कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला दूसरे स्थान पर रहे, जबकि माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा तीसरे स्थान पर रहे। यूट्यूब के CEO नील मोहन और गूगल क्लाउड के CEO थॉमस कुरियन टॉप 5 में शामिल रहे।
इस लिस्ट के नवीनतम संस्करण में भारतीय मूल के 236 लीडर शामिल हैं, जो भारत के बाहर मुख्यालय वाली 200 कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। इन कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 15 ट्रिलियन डॉलर है, जो 2024 के 9.9 ट्रिलियन डॉलर से 53 प्रतिशत अधिक है। इन कंपनियों में दुनिया भर में लगभग 53 लाख (5.3 मिलियन) लोग काम करते हैं।
इन कंपनियों ने 2025 के दौरान 2.5 ट्रिलियन डॉलर का रेवेन्यू कमाया और इनका कुल नेट प्रॉफिट 416 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
अल्फाबेट की वैल्यूएशन 2024 के मुकाबले 98 प्रतिशत बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट की वैल्यूएशन में 17 प्रतिशत की गिरावट आई है। इस वजह से, भारतीय मूल के अधिकारियों के नेतृत्व वाली कंपनियों में अल्फाबेट शीर्ष स्थान पर आ गई है।
माइक्रोन की वैल्यूएशन 1,174 प्रतिशत बढ़कर 1.4 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, जो AI इंफ्रास्ट्रक्चर में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप्स की भारी मांग को दर्शाती है। टॉप 5 कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 9.1 ट्रिलियन डॉलर है, जो पूरी लिस्ट की कुल वैल्यू का 61 प्रतिशत है, जबकि टॉप 10 कंपनियों की हिस्सेदारी लगभग 70 प्रतिशत है।
इस रैंकिंग में पहली बार 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) को एक अलग इंडस्ट्री के रूप में शामिल किया गया है। इसमें शामिल 18 कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 227 अरब डॉलर है।
लगभग 103 कंपनियां AI-आधारित या AI-एकीकृत हैं, जिनकी कुल वैल्यू 10.7 ट्रिलियन डॉलर है। यह इस लिस्ट की कुल वैल्यू का 71 प्रतिशत है। स्टार्टअप रैंकिंग में 60 अरब डॉलर की वैल्यूएशन के साथ 'कर्सर' (Cursor) सबसे ऊपर है। सबसे मूल्यवान 10 स्टार्टअप्स में से 7 AI क्षेत्र से जुड़े हैं और ये सभी अमेरिका में स्थित हैं।
53 कंपनियों के साथ 'सॉफ्टवेयर और सेवाएं' (Software and Services) सबसे बड़ा सेक्टर बना हुआ है। इसके बाद 31 कंपनियों के साथ 'वित्तीय सेवाएं' (Financial Services) और 21 कंपनियों के साथ 'हेल्थकेयर' (Healthcare) का स्थान है।