सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने उन्होंने सऊदी अरब के एफ-15 जेट को मार गिराया है। हूती का ये भी कहना है कि पिछले कुछ दिनों में सऊदी ने उनके विभिन्न जिलों पर 450 से ज्यादा हमले किए हैं।
हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा, "यमन के मारिब प्रांत के ऊपर सऊदी अरब के एफ-15 फाइटर जेट को मार गिराया गया।" उनके मुताबिक, 'स्थानीय स्तर पर बनी सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल' से सऊदी लड़ाकू विमान को निशाना बनाया गया।
उन्होंने एक बयान में कहा, "फाइटर मारिब प्रांत के हवाई क्षेत्र में आक्रामक कार्रवाई कर रहा था।" हालांकि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थानीय सूत्रों ने अल जजीरा को बताया कि हूती बलों ने मारिब के उत्तर-पश्चिम में माउंट हेलन के पास इस लड़ाकू विमान को मार गिराया।
सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बताया कि इस हफ्ते अब तक सऊदी लड़ाकू विमानों ने ताइज, लाहज, अल-जौफ, हज्जा, मारिब, सादा और अल-बैदा को निशाना बनाते हुए 450 से ज्यादा हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि इन हमलों में आम नागरिक हताहत हुए हैं।
सरी ने कहा कि यह सशस्त्र समूह "सभी उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल करके किसी भी हमले या उल्लंघन से अपने देश के हवाई क्षेत्र और संप्रभुता की रक्षा करना जारी रखेगा।" इससे पहले बुधवार सुबह इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र स्थल मक्का के इतिहास में पहली बार सऊदी अरब के सिविल डिफेंस ने संभावित हवाई हमले की चेतावनी देते हुए इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। अलर्ट में निवासियों को सलाह दी गई कि वे सुरक्षित जगहों पर घर के अंदर चले जाएं और खतरा टलने तक खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें। पिछले कुछ दिनों में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष काफी बढ़ा है।
Tags: