रियाद: यमन के हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का कहना है कि उसका एक टोही हेलीकॉप्टर सऊदी अरब के इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई है।
गठबंधन की ओर से एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि एएच-6आई टोही हेलीकॉप्टर दक्षिण-पश्चिमी नजरां क्षेत्र में एक "तकनीकी खराबी" के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
गठबंधन ने आगे कहा कि "इस घटना में चालक दल के दो अधिकारियों की जान चली गई।" वहीं, यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने नजरां में सऊदी अरब के एक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। शनिवार को हूती आर्म्ड फोर्स के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी थी। रविवार तड़के हूती की ओर से एक और एयरक्राफ्ट को मार गिराने का दावा किया गया है।
सारिया ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि हमारे सशस्त्र बलों ने सऊदी दुश्मन के एक सशस्त्र 'करार' टोही विमान को मार गिराया। यह विमान होदेइदाह गवर्नरेट के हवाई क्षेत्र से गुजर रहा था। ये भी दावा किया कि हालिया तनाव शुरू होने के बाद से इस तरह का यह चौथा विमान है जिसे मार गिराया गया है, और यमनी हवाई क्षेत्र में इसके प्रवेश के बाद से यह सातवां विमान है।
इस बीच, सऊदी के नेतृत्व वाली सेनाओं का कहना है कि उन्होंने यमन के ताइज शहर के आसपास कई ठिकानों पर हमले किए हैं, ताकि हूती घेराबंदी को तोड़ा जा सके। यह शहर यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार और हूती लड़ाकों के बीच चल रहे युद्ध में एक नया मोर्चा बन गया है।
स्टेट मीडिया के हवाले से अल जजीरा ने बताया कि यमन की (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़ी) सेनाओं का कहना है कि दक्षिणी प्रांत लाहिज में उनके आठ सैनिक मारे गए हैं। फेसबुक पर जारी एक बयान में, सरकार से जुड़े 'तुर अल-बहाह' सैन्य मोर्चे ने कहा कि ये "वीर" अल-मकतिराह मोर्चे पर हुई लड़ाई में शहीद हुए।
इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई है। घोषणा के बाद, यमनी सरकारी सेनाओं ने दावा किया है कि उन्होंने दक्षिणी ताइज के अल-अकरूद इलाके में 12 हूती लड़ाकों को मार गिराया है।
Tags: