जनता से रिश्ता वेबडेस्क: स्‍टॉकहोम | भारत में चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में अब स्‍वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग भी आ गई हैं। 18 साल की ग्रेटा ने ट्वीट करके कहा कि हम भारत में चल रहे किसानों के प्रदर्शन के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं। इससे पहले अमेरिकी गाय‍िका रिहाना ने भी किसानों के आंदोलन का समर्थन किया था। उन्‍होंने कहा था कि हम इस बारे में क्‍यों बात नहीं कर रहे हैं। ये दोनों ही सेलेब्‍स अब किसानों की हिंसा को लेकर ट्रोल भी हो रहे हैं। ग्रेटा और रिहाना दोनों ने ही किसानों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए दिल्‍ली से सटे इलाकों में इंटरनेट बैन करने की खबर को शेयर किया है। उनके ट्वीट को अब तक करीब 30 हजार लोग रिट्वीट कर चुके हैं। वहीं कई लोग ऐसे हैं जो उन्‍हें किसानों की हिंसा की याद दिला रहे हैं। मिस्‍टर सिन्‍हा ने लिखा, 'बच्‍ची पहले अपने पैरों पर चलना सीखो और पढ़ाई पूरी करो।'

'ग्रेटा यह शर्मनाक और निंदनीय व्‍यवहार है'
सुरभ‍ि ने लिखा कि ये किसान राष्‍ट्रीय राजधानी में दंगा करना चाहते थे। उनकी हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। या तो आपको गलत सूचना मिली है या आप इस हिंसा में विश्‍वास करती हैं। यह शर्मनाक और निंदनीय व्‍यवहार है। बता दें कि दिल्‍ली में गणतंत्र दिवस पर हुई ट्रैक्‍टर परेड हिंसा के बाद हरियाणा और यूपी बॉर्डर पर कई जगहों पर इंटरनेट को बैन कर दिया गया था। गत शुक्रवार को सिंघु बॉर्डर पर हिंसक हंगामे के बाद हरियाणा सरकार ने ऐक्‍शन लेते हुए 14 जिलों में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी थी।


Tags: