दिल्ली। पाकिस्तान के कराची स्थित एयरपोर्ट पर भारत से दुबई जा रहे एक चार्टर्ड प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। यह तब हुआ जब भारत से 12 यात्रियों को लेकर जा रहा यह प्लेन पाकिस्तान के कराची शहर स्थित जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। पाकिस्तानी मीडिया में इसके बारे में बताया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसका कारण सामने नहीं आया है। दरअसल, पीटीआई ने जिओ न्यूज के हवाले से बताया कि हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला यह चार्टर्ड विमान स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 12:10 बजे कराची हवाई अड्डे पर उतरा। नागर विमानन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय चार्टर विमान ने भारत से उड़ान भरी थी और इसके अलावा अन्य किसी देश से उसका कोई संबंध नहीं है।
यह भी बताया गया कि कराची में उतरने के कुछ ही देर बाद विशेष विमान सभी 12 यात्रियों को लेकर फिर से रवाना हो गया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि आखिर विमान किन कारणों से कराची हवाई अड्डे पर उतरा था। बता दें कि इससे पहले भी भारत से उड़ान भरने वाले दो विमानों को तकनीकी कारणों से पिछले महीने कराची हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा था।
उधर कई अन्य रिपोर्ट्स के मुताबिक राजीव गांधी एयरपोर्ट के अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि यह एक चार्टर्ड फ्लाइट थी। यह दुबई से हैदराबाद और हैदराबाद से कराची के लिए शुरू हुई थी। इसमें क्रू मेंबर सवार थे। ऑपरेटरों के मुताबिक आगे कोई जानकारी सामने नहीं आई। यह एक सामान्य प्रक्रिया थी।