केन्या हादसे में इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख की मौत सफारी उड़ान बनी आखिरी सफर
सफारी ट्रिप बनी मौत का सफर केन्या क्रैश में 5 अमेरिकियों समेत 7 की मौत
केन्या: अफ्रीकी देश केन्या में एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हेलीकॉप्टर पर्यटकों को सफारी यात्रा के लिए ले जा रहा था। मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक, इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख मिशेल सेंसी-कोंटुगी और उनकी पत्नी शामिल हैं। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना केन्या के सांबुरू काउंटी में हुई। हेलीकॉप्टर उत्तरी केन्या स्थित प्रसिद्ध वन्यजीव क्षेत्र लोइसाबा कंजर्वेंसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसे का शिकार हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में छह यात्री और एक पायलट सवार थे, जिनमें से कोई भी जीवित नहीं बचा।
हादसे में मारे गए लोगों में इक्वाडोर के नेशनल इंटेलिजेंस सेंटर के प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी और उनकी पत्नी स्टेफनी होलिहान भी शामिल थीं। इस घटना के बाद इक्वाडोर सरकार ने शोक व्यक्त किया है। वहीं अमेरिकी अधिकारियों ने भी अपने नागरिकों की मौत की पुष्टि की है और स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में होने की जानकारी दी है।
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर एक निजी सफारी यात्रा का हिस्सा था। केन्या का उत्तरी इलाका अपने जंगलों, वन्यजीवों और लग्जरी सफारी पर्यटन के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर से जंगलों और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना स्थल दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ।
इस दुर्घटना ने केन्या के पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित इस हादसे में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी समेत कई लोगों की मौत ने कई देशों में शोक की लहर पैदा कर दी है। जांच एजेंसियां अब हेलीकॉप्टर के संचालन, पायलट रिकॉर्ड और उड़ान से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।