ढाका: बांग्लादेश में बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच, एक मानवाधिकार संगठन का हवाला देते हुए स्थानीय मीडिया ने बताया कि इस साल जनवरी से अगस्त के बीच देश भर में अपहरण के बाद हत्या, रेप, शारीरिक शोषण और हिंसा की अन्य घटनाओं में 155 बच्चों की मौत हुई।
ढाका स्थित मानवाधिकार संगठन 'एन ओ सालिश केंद्र' (ASK) ने बताया कि इस साल के पहले आठ महीनों में लापता हुए 36 बच्चों के शव बरामद किए गए, जबकि 68 बच्चों की मौत शारीरिक शोषण के कारण और 49 बच्चों की मौत परिवार से जुड़ी हिंसा की घटनाओं में हुई। इसके अलावा, रेप के बाद 26 बच्चों (जिनमें दो लड़के भी शामिल थे) की हत्या कर दी गई।
मानवाधिकार संगठन ने कहा कि रेप की कोशिश के बाद चार बच्चों की जान चली गई, जबकि तीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शारीरिक शोषण के कारण दो घरेलू कामगारों की मौत हो गई, दो बच्चों की हत्या पीछा करने वालों (स्टॉकर) ने कर दी और एक बच्चे की हत्या अपहरण के बाद कर दी गई। बांग्लादेशी अखबार 'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, इसी अवधि में ASK ने आत्महत्या, रहस्यमय मौतों और बच्चों के शव मिलने के 99 मामले दर्ज किए।
रिपोर्टों से पता चलता है कि लापता बच्चों के शवों का मिलना बांग्लादेश में नाबालिगों के खिलाफ हिंसा के एक बड़े पैटर्न का हिस्सा है। हाल के मामलों में रेप और हत्या, जानलेवा शारीरिक शोषण और परिवार के सदस्यों के साथ बच्चों की हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं।
कई मामलों में, आरोपी पीड़ितों के परिचित बताए गए हैं।
हाल के हफ्तों में बांग्लादेश भर में बच्चों की हत्या से जुड़े कई मामले सामने आए हैं।
9 सितंबर को पबना सदर से लापता हुए 10 साल के एक बच्चे का शव सात दिन बाद एक गड्ढे में मिला। पुलिस ने बताया कि बच्चे के साथ रेप और हत्या की गई थी; इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक अन्य मामले में, 10 सितंबर को जमालपुर के मदारगंज में स्कूल जाने के बाद लापता हुए सात साल के बच्चे का शव अगले दिन एक सहपाठी के घर के फर्श के नीचे दबा हुआ मिला।
पुलिस के अनुसार, सहपाठी के पिता ने बच्चे के साथ रेप और हत्या की थी; इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
'ढाका ट्रिब्यून' ने रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि चार अलग-अलग घटनाओं में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सात बच्चों की भी हत्या कर दी गई।
बच्चों की हत्या की ये घटनाएं बांग्लादेश भर में बच्चों के लापता होने के लगातार जारी संकट के बीच सामने आई हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल जनवरी से जुलाई के बीच देश भर में 15,000 से ज़्यादा बच्चे लापता हो गए, जिससे इस समस्या की गंभीरता का पता चलता है।
इस महीने की शुरुआत में, बांग्लादेशी पुलिस मुख्यालय ने एक प्रेस रिलीज़ में बताया कि साल के पहले सात महीनों में 15,717 बच्चे लापता हो गए थे। हालाँकि 13,679 बच्चों का पता लगा लिया गया, लेकिन 2,038 बच्चे अभी भी लापता हैं, जो कुल संख्या का लगभग 13 प्रतिशत है।
Tags: