वाशिंगटन। अमेरिका में दो चीनी नागरिकों पर कथित तौर पर वास्तविक अमेरिकी नागरिकों के पासपोर्ट का इस्तेमाल कर मेक्सिको से संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश करने का मामला दर्ज किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस मामले ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताएं भी पैदा की हैं।
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक चीन के गुआंग्शी प्रांत के 44 वर्षीय जिन फू वेई और हेनान प्रांत के 47 वर्षीय ज़ियाओदान लेई पर पासपोर्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। दोनों पिछले महीने गिरफ्तारी के बाद से संघीय हिरासत में हैं।
अभियोजकों के अनुसार दोनों ने 26 अगस्त को मेक्सिको के लॉस काबोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से कैलिफोर्निया के सांता एना स्थित जॉन वेन हवाई अड्डे तक यात्रा की थी। अमेरिकी सीमा पर पहुंचने के बाद उन्होंने कथित तौर पर ऐसे अमेरिकी पासपोर्ट अधिकारियों के सामने पेश किए, जो वास्तविक अमेरिकी नागरिकों के नाम पर जारी थे।
मामले का खुलासा बायोमेट्रिक जांच के दौरान हुआ। अधिकारियों ने पाया कि पासपोर्ट से जुड़े बायोमेट्रिक पहचानकर्ता दोनों यात्रियों से मेल नहीं खाते थे। चेहरे की पहचान के स्कैन भी पेश किए गए अमेरिकी पासपोर्ट के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए।
जांच के दौरान एक और अहम विसंगति सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों के नाम विमान के फ्लाइट मेनिफेस्ट में दर्ज नहीं थे। इसके बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उन्हें हिरासत में लेकर अमेरिका में प्रवेश की पात्रता की विस्तृत जांच शुरू की।
अभियोजकों के अनुसार जिन फू वेई के पास से कुछ ऐसे दस्तावेज भी मिले, जिनसे संदेह और गहरा हुआ। उसके पास चीनी क्रेडिट कार्ड और बैंक कार्ड मिले, जिन पर उसका वास्तविक नाम दर्ज था। साथ ही उस व्यक्ति का एक एक्सपायर टेक्सास ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुआ, जिसके अमेरिकी पासपोर्ट का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया था।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि मामला सिर्फ दस्तावेज के दुरुपयोग तक सीमित नहीं है। विदेशी नागरिक यदि गलत पहचान के साथ देश में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं तो यह सीमा सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकता है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संघीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।