मियामी एयरपोर्ट पर रनवे छोड़ते ही कार्गो प्लेन क्रैश, पांच लोगों की मौत
मियामी: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में स्थित मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेजन का एक कार्गो विमान क्रैश हो गया। अधिकारियों की जानकारी के अनुसार, रनवे से आगे निकलते ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
घटना के बाद सामने आए वीडियो में विमान से घना धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। मियामी-डेड काउंटी की शेरिफ रोसी कॉर्डेरो-स्टुट्ज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह हादसा रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:58 बजे हुआ।
मियामी-डेड काउंटी की मेयर डेनिएला लेविन कावा के अनुसार, घायल हुए पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मियामी-डेड फायर रेस्क्यू विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि मौके पर 60 से अधिक बचाव इकाइयां और लगभग 200 दमकलकर्मी भेजे गए।
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने एक बयान में कहा कि एयर फ्लाइट 7598 रविवार को लगभग दोपहर 2 बजे हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रनवे से आगे निकल गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
एफएए के मुताबिक, यह विमान बोइंग 767-300 कार्गो विमान था, जिसने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। एजेंसी ने कहा कि हादसे की जांच की जाएगी। अमेजन की प्रवक्ता केली नैन्टेल ने एफएए के बयान में कहा, “लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान एक दुर्घटना का शिकार हो गया। स्थिति तेजी से बदल रही है और हम अभी भी पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।”
इससे पहले शनिवार को कैलिफोर्निया राज्य के फ्रेस्नो शहर में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए थे। फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ कार्यालय ने एक बयान में कहा, “बचाव दल को सैन जोकिन नदी के किनारे ऊंचाई वाले इलाके में एक सिंगल-इंजन विमान में आग लगी हुई मिली। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक दिया।”
विमान में कुल चार लोग सवार थे। बयान के अनुसार, दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो वयस्कों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) इस विमान दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।