ब्रिटेन के विदेश मंत्री बोले- भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ाएंगे

Update: 2023-03-23 04:11 GMT

लंदन : लंदन में खालिस्तान समर्थकों के बढ़ते विरोध के बीच इंडियन हाई-कमीशन की इमारत पर बुधवार को पहले से बड़ा तिरंगा फहराया गया। जब 22 मार्च को 2 हजार से ज्यादा खालिस्तानी समर्थक दोबारा इमारत के सामने आए तो हाई-कमीशन की टीम ने बिल्डिंग की छत पर खड़े होकर छत के किनारों को राष्ट्रीय ध्वज से ढंक दिया।

बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो पुलिस पर स्याही, पानी की बोतलें और अंडे फेंके। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बिल्डिंग से कुछ दूरी पर रोक दिया। पिछले हमले के बाद हाई-कमीशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों में से कई के हाथ में खालिस्तानी झंडे थे। इस घटना को लेकर ब्रिटिश विदेश मंत्री ने भरोसा जताया है कि वे उच्चायोग की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

रविवार को खालिस्तानियों ने यहां प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ की थी और तिरंगा उतार दिया था। रविवार की घटना पर भारत ने सख्त विरोध जताया था। इसके बाद बुधवार को लंदन की मेट्रो पुलिस ने यहां सिक्योरिटी के सख्त इंतजाम किए। घुड़सवार पुलिस भी यहां नजर आई। हर जगह बैरिकेडिंग की गई। रविवार को लंदन में इंडियन हाई कमीशन के बाहर खालिस्तानियों के प्रदर्शन के दौरान सिक्योरिटी मौजूद नहीं थी। इससे अलगाववादियों के हौसले बुलंद हो गए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कानूनी फर्म जायवाला एंड कंपनी के को-पार्टनर सरोश जायवाला ने लंदन में इंडियन हाईकमीशन पर हमले को अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि हाईकमीशन की बिल्डिंग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। ब्रिटिश सरकार स्थिति पर कंट्रोल करने में ढिलाई बरत रही है। जिसने भारतीय ध्वज को उतारा था, वह अभी तक फरार है। हालांकि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में बुधवार को भारतीय कॉन्स्यूलेट के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने प्रदर्शन किया। हालांकि इस दौरान कॉन्स्यूलेट के आगे बड़ी संख्या में सिक्योरिटी तैनात रही। यूनिफॉर्म पहने पुलिस अफसर मौके पर मौजूद रहे और सड़कों को बैरिकैड लगाकर प्रदर्शनकारियों को कॉन्स्यूलेट में घुसने से रोका गया। दरअसल, इससे पहले रविवार को यहां भी खालिस्तान समर्थक जुटे थे। इन लोगों ने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इन लोगों ने कॉन्स्यूलेट के गेट्स तोड़ दिए। वहां खालिस्तान के झंडे लगा दिए थे। भारतीय अमेरिकियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News

-->