पेरिस: फ्रांस में महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत के खिलाफ शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान लिमोज शहर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में आग लगा दी गई। लगभग 143 साल पुरानी इमारत को व्यापक नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन ने इसे सांस्कृतिक विरासत के लिए बड़ी त्रासदी बताया है।
ओत-विएन क्षेत्र के प्रीफेक्ट मॉरिस बारात के अनुसार, इमारत की छत नीचे की मंजिलों पर गिर गई। पश्चिमी हिस्से को छोड़कर भवन का बड़ा भाग प्रभावित हुआ और बाहरी हिस्से का करीब दो-तिहाई नष्ट हो गया। उन्होंने आगजनी को जानबूझकर की गई हरकत बताया। आरोप है कि नकाबपोश लोगों ने टाउन हॉल को निशाना बनाया। 
प्रदर्शन केवल लिमोज तक सीमित नहीं रहे। पेरिस, मार्सेई और लियोन समेत कई शहरों में झड़पें, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। बड़ी संख्या में लोग बढ़ती महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं की स्थिति को लेकर सड़कों पर उतरे थे। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच कुछ समूहों की हिंसा से हालात बिगड़े। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का संकल्प जताया। देशभर में 1,200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। 
लिमोज टाउन हॉल में हुए नुकसान ने प्रदर्शन के बीच ऐतिहासिक और सार्वजनिक इमारतों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं।
Tags: