12 एफ-16 लड़ाकू विमान के बिक्री को मिली मंजूरी, साउथ चाइना सी में अब होगी 'असली जंग'
स्नाइपर टार्गेटिंग पॉड्स, एक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट, दो दर्जन से अधिक अन्य हथियार शामिल हैं।
अमेरिका ने चीन के दुश्मन देश फिलीपींस को 12 एफ-16 लड़ाकू विमान के बिक्री को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा दोनों देशों ने एक दूसरे सौदे में साइडविंडर और हार्पून मिसाइलों की डील भी फाइनल कर ली है। अमेरिका और फिलीपींस के बीच इन हथियारों की डील की कुल कीमत 2.5 बिलियन डॉलर से अधिक आंकी जा रही है। फिलीपींस इन दिनों चीन के आक्रामक रवैये का सामना कर रहा है। यही कारण है कि राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने कहा था कि दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ युद्ध के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।
लंबे समय से मल्टीरोल लड़ाकू विमान तलाश रहा था फिलीपींस
फिलीपींस लंबे समय से एक नए मल्टीरोल फाइटर एयक्राफ्ट की तलाश कर रहा था। इसके लिए उसने अमेरिका के एफ-16 (General Dynamics F-16 Fighting Falcon) और साब की ग्रिपिन (Saab JAS 39 Gripen) को शॉर्टलिस्ट करके रखा हुआ था। चूंकि हथियारों की खरीद भी अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के तहत ही की जाती है। इसलिए, स्वीडन की साब कंपनी के ऊपर अमेरिकी की लॉकहीड मार्टिन के लड़ाकू विमान को प्राथमिकता दी गई।
12 एफ-16 लड़ाकू विमान के बिक्री को मंजूरी
पेंटागन ने कहा कि फिलीपींस ने लॉकहीड मार्टिन कंपनी के बनाए गए 10 F-16C ब्लॉक 70/72 विमान और दो F-16D ब्लॉक 70/72 विमान खरीदने का अनुरोध किया था। 2.43 बिलियन डॉलर के इस पैकेज में लड़ाकू विमान के पुर्जे और प्रशिक्षण शामिल हैं। इस डील में F-16 की बिक्री में उपकरणों की एक लंबी सूची भी शामिल है। इसमें स्पेयर इंजन, एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA) रडार, टैक्टिकल कंप्यूटर, AMRAAM मिसाइल, मिसाइल लॉन्चर, स्नाइपर टार्गेटिंग पॉड्स, एक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट, दो दर्जन से अधिक अन्य हथियार शामिल हैं।