अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं बहाल होने के बाद भारत-यूएई रूट पर भीड़ बढ़ी, अब फ्लाइट मिलना हुआ आसान

पीसीआर टेस्ट में राहत मिलने से भारत-यूएई के बीच फ्लाइट्स की बुंकिंग तेजी से बढ़ी है।

Update: 2022-04-17 06:57 GMT

भारत ने लंबे कोरोना संकट के बाद मार्च में सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए दरवाजे खोल दिए थे। संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले और काम करने वाले भारतीयों को इस सुविधा के बहाल होने से बड़ी राहत मिली है क्योंकि आए दिन उन्हें भारत से यूएई के बीच ट्रैवल करना पड़ता है। राहत का असर अब दिखने लगा है क्योंकि दुबई और मुंबई के बीच हवाई मार्ग दुनिया का पांचवां सबसे व्यस्त एयर रूट बन गया है जिसमें 218,000 से अधिक सीटों की उड़ान क्षमता शामिल है।

विमानन उद्योग के विशेषज्ञ अश्विनी फडनीस ने कहा कि एमाइरेट्स एयरलाइन और फ्लायदुबई को भारत से बड़ी संख्या में उड़ानों का मिलना स्वाभाविक है। दो साल तक कड़े प्रतिबंधों का सामना करने के बाद ये सेवाएं भारतीयों को दोनों देशों के बीच यात्रा करने का अवसर दे रही हैं। 179,000 सीटों के साथ दुबई-दिल्ली हवाई मार्ग दुनिया का नवां सबसे व्यस्त मार्ग है। अप्रैल की रैंकिंग के अनुसार 334,157 सीटों के साथ काहिर और जेद्दा के बीच एयर रूट दुनिया सबसे व्यस्त हवाई मार्ग है।
ईद की छुट्टियों में बढ़ सकती है भीड़
दूसरे नंबर पर 273,596 सीटों के साथ लंदन हीथ्रो और न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट का एयररूट शामिल है। मार्च में दुबई और रियाद के बीच सेवाएं इस सूची में पहले नंबर पर थीं और अब सातवें पायदान पर खिसक चुकी हैं। उम्मीद है कि मई में ईद की छुट्टियों के चलते इन आंकड़ों में इजाफा हो सकता है। भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा बहाल किए जाने के बाद अकेले एमाइरेट्स ने अपनी क्षमता को 170 फ्लाइट्स प्रति सप्ताह तक बढ़ाया है।
गो फर्स्ट से आसान होगा भारत से यूएई का सफर
सस्ती उड़ानों की बात करें तो फ्लायदुबई फिलहाल एक हफ्ते में 30 उड़ानें भारत और यूएई के बीच संचालित कर रही है। दुबई की एयरलाइंस के अलावा एयर अरेबिया अबू धाबी भी चेन्नई और जयपुर के लिए नई सेवाएं शुरू कर रही है। बढ़ती मांग के चलते भारत की गो फर्स्ट अबू धाबी से मुंबई, कानपुर और दिल्ली के बीच डेली फ्लाइट्स का संचालन करने जा रही है। पीसीआर टेस्ट में राहत मिलने से भारत-यूएई के बीच फ्लाइट्स की बुंकिंग तेजी से बढ़ी है।


Tags:    

Similar News

-->