तालिबानी फरमानों के खिलाफ अफगान महिलाओं का प्रदर्शन, पूर्व राष्ट्रपति भ्रष्ट लोगों की लिस्ट में शामिल

पूर्व राष्ट्रपति भ्रष्ट लोगों की लिस्ट में शामिल

Update: 2021-12-29 14:28 GMT
आर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिग प्रोजेक्ट (ओसीसीआरपी) ने इस साल के भ्रष्ट नेताओं की सूची में अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी को भी शामिल किया है। दुनिया के सबसे भ्रष्ट लोगों की इस सूची में सबसे ऊपर बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको हैं। इस सूची में सीरिया के तानाशाह बशर अल असद, तुर्की के राष्ट्रपति रेसिप तैयप एर्दोगान और आस्ट्रेलिया के चांसलर सेबास्टियन कुर्ज शामिल हैं।
ओसीसीआरपी के मुताबिक, घानी ने अपने लोगों को मौत से जूझने और भूख से मरने के लिए बिलखता छोड़ दिया था। ताकि वह चैन से अपने जैसे अन्य भ्रष्ट लोगों के साथ यूएई में रह सकें। संस्था के सह संस्थापक ड्रिव सुलेवन ने कहा कि छह पत्रकारों और विद्वानों के एक पैनल ने घानी को भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा पाया है।
वहीं समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक महिलाओं की गतिविधियों पर रोक लगाने वाले तालिबानी फरमानों के खिलाफ दर्जनों महिलाओं ने सड़कों पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। हाल के दिनों में महिलाओं की यात्रा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सड़क पर महिलाओं को अकेले कहीं भी जाने पर रोक और किसी घर के मर्द के साथ ही बाहर निकलने जैसे आदेशों का महिलाएं कड़ा विरोध कर रही हैं। इसके अलावा, महिलाओं को हर वक्त पूरी तरह से हिजाब में ढंके रहने और उनकी शिक्षा व नौकरी पर रोक का भी विरोध किया जा रहा है।
टोलो न्यूज के अनुसार अफगानी महिलाओं ने नारे लगाते हुए कहा कि वह भूखे लोगों की आवाज हैं। हम जागरूक हैं और भेदभाव से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी आपात स्थिति में हम घर से बाहर जाने के लिए किसी रिश्तेदार को ढूंढने कहां जाएं? प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि हमारे स्कूल बंद कर दिए गए और हम से काम करने और कमाने के अवसर छीन लिए गए हैं।
Tags:    

Similar News