पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच छिड़ गई भीषण जंग, PAK के पोस्ट कब्जाए, मिलिट्री बेस को भी बनाया निशाना
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग आक्रामक हो गई है. शुक्रवार की दरमियानी रातें पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान के काबूल, कंधार और पक्तिया में एयर स्ट्राइक की है. तालिबान ने रात को "बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान" शुरू किया, जिसमें पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमले किए गए. पाकिस्तान ने इसे "अनप्रोवोक्ड आक्रमण" बताया और तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए कई अफगान पोस्ट्स नष्ट कर दिए.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का कहना है कि वह अपने मुल्क के क्षेत्र की एकता और शांति से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं करेगा. दूसरी ओर, तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने ज़ोरदार पलटवार करने की चेतावनी दी है.
अफगान रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 26 फरवरी की रात को पाकिस्तानी सेना ने अफगानी क्षेत्र में वैसे हमले किए जिनमें महिलाओं और बच्चों की जान गई. मंत्रालय के अनुसार, अफगान सेनाओं ने पकतिका, पकतिया, खोस्त, नंगरहार, कुनार और नूरिस्तान प्रांतों में बदले की कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों को पीछे धकेल दिया. इस लड़ाई में दो सैन्य बेस, 19 पोस्ट कब्जे में लिए गए और चार पोस्ट से पाकिस्तानी सैनिक फरार हो गए.
दोनों मुल्कों के बीच शुरू हुए संघर्ष से कतर-मध्यस्थता वाला युद्धविराम खतरे में है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ रही है. अफगान की राजधानी काबुल में जेट विमानों की आवाज सुनाई दी और कई तेज धमाकों के साथ गोलीबारी हुई. फ्रांसीसी समाचार एजेंसी (एएफ़पी) के पत्रकारों ने इस घटना को लाइव रिपोर्ट किया.
अफगानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार, जो तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा का ठिकाना है, में भी वहीं तेज आवाजें सुनी गईं. वहां के एक एएफ़पी संवाददाता ने भी जेट विमानों के उड़ान भरने की पुष्टि की.
सुरक्षा सूत्रों ने स्थानीय मीडिया TOLOnews को बताया है कि अफगान सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी विमान को मार गिराया है, जो अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ कर रहा था.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने तालिबान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते संघर्षों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और क्षेत्रीय अस्थिरता की आशंका जताई है. गुटेरेस ने दोनों पक्षों से अपील की है कि वे और अधिक सैन्य संघर्ष से बचें और संवाद के माध्यम से अपने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश करें.
अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इन बढ़ते तनावों पर टिकी हैं क्योंकि यदि संघर्ष जारी रहा तो इसके व्यापक क्षेत्रीय प्रभाव हो सकते हैं. अफगान रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि चार घंटे तक चली लड़ाई में 2 सैन्य अड्डों और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया. साथ ही कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को पकड़ने और हथियार जब्त करने की भी बात कही गई है.