सनेटिक तस्वीर (AI)

नई दिल्ली: करीब नौ महीने तक समुद्र में रहने के बाद जब छुट्टी मिली तो अमेरिकी सैनिकों ने जमकर मौज की. यूएसएस अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के करीब 5 हजार सेलर्स और मरीन को थाईलैंड के पटाया में पांच दिन की लिबर्टी मिली. इस दौरान सैनिकों ने नाइट क्लबों में पार्टी की, सड़कों पर घूमे, डांस किया और हाथियों के साथ नहाने का भी लुत्फ उठाया. इन पलों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.

2 सितंबर को विशाल निमिट्ज-क्लास एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन पटाया के पास लाम चाबांग पोर्ट पहुंचा. इसके बाद बड़ी संख्या में सैनिक सिविलियन कपड़ों में होटल, रेस्टोरेंट और शहर की सड़कों पर नजर आए. स्थानीय कारोबारियों ने भी सैनिकों के स्वागत की तैयारी की थी. कमांडर्स ने इस छुट्टी को लंबे समय तक समुद्र में रहने के बाद आराम करने और खुद को रिचार्ज करने का मौका बताया.
इस दौरान सैनिकों की हाथियों के साथ मस्ती का एक वीडियो भी खूब शेयर किया गया. करीब 20 सेलर्स हाथियों के साथ एक एक्सकर्शन पर गए. वीडियो में सैनिक हाथियों को खाना खिलाते और उनके साथ पानी में नहाते नजर आए. हाथी अपनी सूंड से पानी उछाल रहे थे और सैनिक हंसते हुए इसका आनंद ले रहे थे.
लंबे समय तक जहाज पर रहने के बाद यह उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव था. थाईलैंड की गर्मी में सैनिकों ने इस पल को जमकर एन्जॉय किया. रात में पटाया की नाइटलाइफ में सैनिकों की भीड़ नजर आई. वायरल वीडियो में क्लबों के अंदर तेज म्यूजिक और रोशनी के बीच सैनिक डांस करते दिखे. कई जगहों पर सैनिकों ने शर्ट उतारकर डांस किया और हाथों में बीयर लिए नजर आए. एक वीडियो में एक सैनिक सफेद शॉर्ट्स में अपनी शर्ट को हवा में घुमाते हुए डांस करता दिखाई दिया.
सड़कों पर भी सैनिकों की मस्ती जारी रही. कुछ सैनिक दोस्तों के साथ घूमते और हंसते नजर आए. एक वीडियो में एक सैनिक अपने ऐसे साथी की मदद करता दिखा जो ज्यादा शराब पीने के बाद सड़क किनारे झुका हुआ था.
पटाया की सोई 6 इलाके से जुड़े वीडियो में भी अमेरिकी सैनिक नजर आए. वीडियो में बार की लड़कियां सैनिकों के साथ मजाक करती, उनके हाथ पकड़ती और तस्वीरें खिंचवाती दिखाई दीं. कुछ सैनिक हंसते हुए इस माहौल का आनंद ले रहे थे, जबकि कुछ वहां से आगे निकलते दिखे.
एक वीडियो में एक सैनिक सफेद ड्रेस पहने सड़क पर चलता नजर आया. उसके दोस्तों ने दावा किया कि उसने एक शर्त हारने के बाद यह ड्रेस पहनी थी. 6 सितंबर को पांच दिन की छुट्टी खत्म हुई. सैनिक तय समय पर वापस जहाज पर लौटे और करीब 11 बजे यूएसएस अब्राहम लिंकन फिर समुद्र में रवाना हो गया.
कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन डैन कीलर ने थाईलैंड के लोगों की मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया और इस पोर्ट विजिट को क्रू के लिए आराम और रिचार्ज होने का शानदार मौका बताया. अब कैरियर स्ट्राइक ग्रुप घर की ओर रवाना हो चुका है. करीब 286 दिनों की तैनाती के बाद थाईलैंड के ये पांच दिन सैनिकों के लिए लंबे समय तक याद रहने वाले हैं.
Tags: