नई दिल्ली: इजराइल में प्रधानमंत्री की सरकारी सुविधाओं को लेकर एक ऐसा खर्च सामने आया है, जिसने चर्चा तेज कर दी है। 2019 से अगस्त 2026 के बीच प्रधानमंत्री के बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 4.7 लाख डॉलर यानी लगभग 4 करोड़ रुपए खर्च किए गए। यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत सामने आए सरकारी रिकॉर्ड से मिली है। खास बात यह है कि इस पूरी अवधि के खर्च का करीब 90% हिस्सा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा से जुड़ा बताया गया है।
दिसंबर 2025 में वकील यारा शलित ने प्रधानमंत्री कार्यालय से इस खर्च की जानकारी मांगी थी। इसके बाद अलग-अलग वर्षों और महीनों में हुए खर्च का रिकॉर्ड सामने आया। इस अवधि में इजराइल में तीन प्रधानमंत्री रहे—बेंजामिन नेतन्याहू, नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड।
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर सबसे ज्यादा खर्च नेतन्याहू के कार्यकाल में हुआ। हालांकि, रिकॉर्ड में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट से जुड़ी कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गईं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसके पीछे राज्य की सुरक्षा का हवाला दिया है।
2023 में युद्ध के दौरान भी जारी रहा खर्च
अक्टूबर 2023 में इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद देश में सुरक्षा और युद्ध से जुड़े खर्च बढ़ गए थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री के बाल और मेकअप पर भी खर्च का रिकॉर्ड सामने आया है।
सितंबर से नवंबर 2023 के बीच बालों की स्टाइलिंग पर करीब 2,600 डॉलर यानी लगभग 22 लाख रुपए और मेकअप पर करीब 1,580 डॉलर यानी करीब 13 लाख रुपए खर्च हुए। अक्टूबर 2023 में अकेले हेयर स्टाइलिंग पर लगभग 810 डॉलर यानी करीब 68 हजार रुपए खर्च किए गए।
पूरे 2023 में बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 1.03 लाख डॉलर यानी लगभग 86 लाख रुपए खर्च हुए। इसके मुकाबले 2022 में नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड के कार्यकाल के दौरान इसी तरह का कुल खर्च करीब 27,600 डॉलर यानी लगभग 23 लाख रुपए था।
2025 में सबसे ज्यादा खर्च
रिकॉर्ड के मुताबिक, 2025 में प्रधानमंत्री के बाल और मेकअप से जुड़ा खर्च सबसे ज्यादा रहा। पूरे साल इस मद में करीब 93 लाख रुपए खर्च किए गए।
विदेश यात्राओं के दौरान भी इस तरह की सेवाओं पर सरकारी रकम खर्च हुई। फरवरी 2025 में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट की सेवाओं पर करीब 11 लाख रुपए खर्च किए गए। यह विदेश यात्रा के दौरान इस मद में दर्ज सबसे बड़ा खर्च बताया गया है।
यह वह समय था जब नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात के लिए वॉशिंगटन गए थे। जुलाई 2024 में भी उनकी वॉशिंगटन यात्रा के दौरान बाल और मेकअप पर करीब 9.6 लाख रुपए खर्च होने की जानकारी सामने आई थी।
कपड़ों और मेहमानों पर भी ज्यादा खर्च
नेतन्याहू से जुड़े सरकारी खर्च सिर्फ बाल और मेकअप तक सीमित नहीं हैं। कपड़ों और मेहमानों की मेजबानी से संबंधित मद में भी उनके कार्यकाल के दौरान करीब 1.12 करोड़ रुपए खर्च हुए।
तुलना करें तो नफ्ताली बेनेट से जुड़े ऐसे खर्च करीब 16 लाख रुपए और याइर लैपिड के लिए करीब 2.2 लाख रुपए रहे। हालांकि, सरकार ने गहनों, कपड़ों और इमेज कंसल्टिंग से जुड़े कुछ खर्चों का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया है।
बालों के रंग को लेकर भी चर्चा में रहे नेतन्याहू
नेतन्याहू के बालों का रंग लंबे समय से इजराइली मीडिया में चर्चा का विषय रहा है। अलग-अलग मौकों पर उनके बाल गहरे भूरे, ग्रे और सफेद रंग में दिखाई दिए हैं। कुछ मौकों पर हरे या बैंगनी शेड को लेकर भी चर्चा हुई।
2017 में इस पर मजाक करते हुए नेतन्याहू ने अपने बालों के रंग को लेकर टिप्पणी की थी। बाद में 2021 में उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि वे ऐसा शैंपू इस्तेमाल करते हैं, जिससे बालों का रंग बदला जा सकता है। उन्होंने कहा था कि रंग के साथ प्रयोग करने के दौरान उनके बाल कभी हरे, कभी भूरे और कभी बैंगनी रंग के हो गए थे।
अब सरकारी रिकॉर्ड में सामने आए करीब 4 करोड़ रुपए के बाल और मेकअप खर्च ने प्रधानमंत्री की सरकारी सुविधाओं और सार्वजनिक धन के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Tags: