15 नवजातों की मौत, सरकारी अस्पताल में AC कंप्रेसर में ब्लास्ट से भड़की आग
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक सरकारी अस्पताल में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में लगी.
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय नर्सरी में 16 नवजात बच्चे भर्ती थे. इनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका, जबकि 15 नवजातों की मौत हो गई. रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल की नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगी. इसके बाद आग तेजी से फैल गई और वार्ड में धुआं भर गया.
आग अस्पताल के MCH वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी थी. जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में 14 बच्चों के शव पूरी तरह झुलस गए. घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए.
रेस्क्यू अभियान में छह दमकल गाड़ियों और चार एंबुलेंस को लगाया गया. दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके.
घटना के बाद अस्पताल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. नवजातों की मौत से अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की वजह और लापरवाही की जांच के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है.
प्रशासन के मुताबिक, समिति आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाएगी और यह भी जांच करेगी कि घटना किन परिस्थितियों में हुई तथा अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई.