मैक्सिको। मैक्सिको में एक बड़ा रेल हादसा हो गया है. मैक्सिको दक्षिणी ओक्साका राज्य में एक ट्रेन की कुछ बोगियां पटरी से उतर गईं, जिससे कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और करीब सौ अन्य घायल हो गए.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार मैक्सिको के अधिकारियों ने पहले की संख्या को अपडेट करते हुए यह जानकारी दी है. मैक्सिको रेलवे लाइन का संचालन करने वाली मैक्सिकन नौसेना ने एक बयान में कहा, "इस दुर्घटना के परिणामस्वरूप, 139 लोग खतरे से बाहर हैं, 98 घायल हुए हैं... और दुर्भाग्य से, 13 लोगों की जान चली गई."
मैक्सिकन नौसेना ने कहा कि ट्रेन में नौ चालक दल के सदस्यों (क्रू मेंबर) और 241 यात्रियों सहित 250 लोग सवार थे. हादसे के बाद ट्रेन पर सवार लोगों में से 193 खतरे से बाहर बताए गए हैं, जबकि 98 घायल हुए हैं, जिनमें 36 लोग ऐसे शामिल हैं जिन्हें चिकित्सा सहायता प्राप्त हो रही है.