रूस में भीषण सड़क हादसा तीन गाड़ियों की टक्कर में 12 की मौत
रूस में सड़क पर मौत का तांडव
मॉस्को: रूस के उत्तरी आर्कान्जेस्क क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एम-8 ‘खोल्मोगोरी’ हाईवे पर एक यात्री मिनीबस, लकड़ी से लदा ट्रक और एक कार आपस में टकरा गए। शुरुआती आधिकारिक जानकारी के अनुसार हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। हादसा आर्कान्जेस्क क्षेत्र में खोल्मोगोरी और प्रिमोर्स्की जिलों की सीमा के पास एम-8 हाईवे के करीब 1180वें किलोमीटर पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
रूसी अधिकारियों की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यात्री मिनीबस एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान वह सामने से आ रहे लकड़ी लदे ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर की चपेट में कार भी आ गई। अधिकारियों ने इसे अभी प्रारंभिक जानकारी बताया है और दुर्घटना की विस्तृत परिस्थितियों की जांच की जा रही है। स्थानीय पुलिस की अपडेट के अनुसार दुर्घटना में शामिल मिनीबस GAZelle Next थी, जो सेवेरोद्विंस्क से बेरेजनिक की ओर जा रही थी। मिनीबस जिस कार को ओवरटेक कर रही थी वह निसान थी, जबकि सामने से लकड़ी से लदा ट्रक आ रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल आठ लोगों को चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया गया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक घायलों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा रही है। दुर्घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं के साथ पुलिस की टीमें भी तैनात की गईं और यातायात को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई।
हालांकि बाद की एक स्थानीय सरकारी एजेंसी की रिपोर्ट में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 होने की जानकारी दी गई है। इसलिए 12 मौतों का आंकड़ा शुरुआती आधिकारिक जानकारी पर आधारित है और मृतकों की अंतिम संख्या को लेकर अपडेट जारी हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, गलत ओवरटेक या कोई अन्य वजह जिम्मेदार थी। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर ओवरटेक करते समय बरती जाने वाली सावधानी और सड़क सुरक्षा के महत्व को सामने ला दिया है।