नई दिल्ली : Redmi Pad 2 खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो अब आपको पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। Xiaomi ने भारत में Redmi Pad 2 की कीमत बढ़ा दी है। नई कीमतें 29 जून 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, टैबलेट के 4GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत में 1,000 रुपये का इजाफा किया गया है। इससे पहले हाल के दिनों में कई स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप ब्रांड्स भी मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की बढ़ती लागत के चलते कीमतें बढ़ा चुके हैं।
टिप्सटर Ashaan ने X पर एक रिटेल सर्कुलर शेयर किया है, जिसमें जानकारी दी गई है कि Redmi Pad 2 की कीमतें 29 जून से बढ़ गई है। नई प्राइस लिस्ट के मुताबिक, Redmi Pad 2 के 4GB RAM + 128GB Wi-Fi वेरिएंट अब 16,999 रुपये की बजाय 17,999 रुपये में मिलेगा। यानी कीमत में सीधे 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
नई कीमत ऑफिशियल स्टोर पर लागू हो चुकी है। हालांकि, कुछ ऑनलाइन और ऑफलाइन रिटेलर्स के पास पुराने स्टॉक पर यह टैबलेट पुरानी कीमत में उपलब्ध होने की उम्मीद की जा सकती है।
बता दें कि Redmi Pad 2 में 11-इंच 2.5K डिस्प्ले है। टैबलेट Android 15 आधारित HyperOS 2.0 पर चलता है और इसमें MediaTek Helio G100-Ultra प्रोसेसर दिया गया है। Redmi Pad 2 में 9,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 18W वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 8MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। ऑडियो के लिए टैबलेट में Dolby Atmos सपोर्ट के साथ क्वॉड स्पीकर सिस्टम दिया गया है।
कनेक्टिविटी के लिए टैबलेट में 4G, Wi-Fi, Bluetooth, USB Type-C पोर्ट और 3.5mm ऑडियो जैक मिलता है। इसके अलावा यह Smart Pen को भी सपोर्ट करता है। कंपनी ने इसमें Google Circle to Search और Gemini AI जैसे AI फीचर्स भी दिए हैं।