AI इन्फ्लुएंसर्स का बढ़ता दबदबा, ब्रांड्स की नई पसंद बने वर्चुअल स्टार्स

Update: 2026-07-25 13:21 GMT

नई दिल्ली। सोशल मीडिया और डिजिटल मार्केटिंग की दुनिया में अब इंसानी इन्फ्लुएंसर्स के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से बने वर्चुअल कैरेक्टर्स का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है। भारत में AI इन्फ्लुएंसर्स का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और 55 प्रतिशत एंगेजमेंट रेट के साथ भारत इस ग्लोबल ट्रेंड में सबसे आगे निकल गया है। फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल से जुड़े बड़े ब्रांड अब अपने प्रोडक्ट्स के प्रचार के लिए इन डिजिटल चेहरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

लेंसकार्ट, मिंत्रा और अजियो जैसे बड़े ब्रांड्स अब पारंपरिक मॉडल्स और सोशल मीडिया स्टार्स के अलावा AI इन्फ्लुएंसर्स को भी अपनी मार्केटिंग रणनीति में शामिल कर रहे हैं। ये वर्चुअल कैरेक्टर्स 24 घंटे सक्रिय रह सकते हैं और अलग-अलग भाषाओं व प्लेटफॉर्म्स पर लाखों यूजर्स से जुड़ सकते हैं।

Zefmo की एक रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में भारत में AI इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका और बढ़ सकती है। साल 2027 तक AI इन्फ्लुएंसर्स आम इन्फ्लुएंसर्स के बजट का करीब 25 से 35 प्रतिशत हिस्सा हासिल कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2022 में एक AI इन्फ्लुएंसर तैयार करने में करीब 3.6 करोड़ रुपये तक खर्च होते थे, लेकिन अब तकनीक के विकास के कारण यह लागत घटकर लगभग 26 लाख रुपये तक आ गई है।

भारत में कई AI इन्फ्लुएंसर्स तेजी से लोकप्रिय हो चुके हैं। Kyra, Maya, Naina Avtr और Radhika Subrahmanya जैसे डिजिटल कैरेक्टर्स ने बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बनाए हैं और कई कंपनियों के साथ काम कर रहे हैं। इनका इस्तेमाल फैशन सलाह, प्रोडक्ट प्रमोशन, ट्रैवल कंटेंट और लाइफस्टाइल वीडियो बनाने में किया जा रहा है।

ब्रांड्स भी AI इन्फ्लुएंसर्स के साथ नए प्रयोग कर रहे हैं। लेंसकार्ट ने भारत में कोरियन पॉप संस्कृति की लोकप्रियता को देखते हुए ‘Astro Iris’ नाम से एक AI आधारित K-pop बैंड तैयार किया है। इस डिजिटल बैंड में चार वर्चुअल सदस्य हैं और हर सदस्य की अलग पहचान और व्यक्तित्व बनाया गया है। कंपनी ने इनके वीडियो तैयार करने के लिए Midjourney और Runway जैसे AI टूल्स का इस्तेमाल किया है।

वहीं, मिंत्रा ने ‘Maya’ नाम की AI फैशन इन्फ्लुएंसर तैयार की है, जो यूजर्स को स्टाइल से जुड़ी सलाह देती है। यह वर्चुअल स्टाइलिस्ट 6 हजार से ज्यादा ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स सुझा सकती है और लाखों फैशन कॉम्बिनेशन के आधार पर ग्राहकों को सुझाव दे सकती है।

भारत की चर्चित AI इन्फ्लुएंसर Kyra को देश की पहली लोकप्रिय AI इन्फ्लुएंसर्स में गिना जाता है। वह Nykaa, Puma, boAt, Realme और Amazon जैसे ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं। उन्हें Shark Tank India में भी दिखाया गया था। इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

Naina Avtr भी भारत की प्रमुख AI सुपरस्टार्स में शामिल हैं। उन्होंने Oppo और Kotak Mahindra Bank जैसे बड़े ब्रांड्स के लिए कैंपेन किए हैं। वहीं Radhika भारत की पहली मल्टीलिंगुअल AI इन्फ्लुएंसर मानी जाती हैं, जो कई भाषाओं में कंटेंट तैयार करती हैं।

दुनिया में भी AI इन्फ्लुएंसर्स का प्रभाव बढ़ रहा है। Lil Miquela जैसे वर्चुअल स्टार्स Prada, BMW और Samsung जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ काम कर चुके हैं। वहीं Lu do Magalu के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं और वह कई बड़ी कंपनियों के विज्ञापन अभियानों का हिस्सा रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर में करीब 500 AI इन्फ्लुएंसर्स सक्रिय हैं। भारत में लगभग 200 ऐसे AI इन्फ्लुएंसर प्रोफाइल हैं, जिनके 50 हजार या उससे ज्यादा फॉलोअर्स हैं। खास बात यह है कि भारत के करीब 90 प्रतिशत AI इन्फ्लुएंसर अकाउंट्स साल 2023 के बाद बनाए गए हैं, जो इस ट्रेंड की तेज रफ्तार को दिखाता है।

AI इन्फ्लुएंसर्स की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे कम लागत, लगातार उपलब्धता और ब्रांड्स के लिए आसान नियंत्रण जैसे कारण हैं। हालांकि, इसके साथ डिजिटल पहचान, पारदर्शिता और असली व नकली कंटेंट के बीच अंतर जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। आने वाले वर्षों में AI इन्फ्लुएंसर्स डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

Tags:    

Similar News